
Rajgarh News : केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 9 जुलाई 2026 को सुबह मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के अंतर्गत आने वाले जावरा आ रहे थे, लेकिन अभी - अभी नया अपडेट सामने आया है कि, नितिन गडकरी का दौरा अंतिम समय में निरस्त हो गया है। संभवत: प्रदेश के साथ साथ जिलेभर के खराब मौसम के चलते ये फैसला लिया गया है। बताया जा रहा है कि, गडकरी जावरा से जावरा-उज्जैन ग्रीन फील्ड फोरलेन निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। लेकिन, अब गडकरी का दौरा टलने से एक बार फिर भूमिपूजन कार्यक्रम भी टल गया है।
खास बात ये है कि, गडकरी का ये दौरा बुधवार सुबह अचानक ही तय किया गया था। संभावित प्रोग्राम को लेकर अपडेट सामने आते ही पूरे जिले में प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर आ गया था। जावरा के पास अरनिया पिथा कृषि उपज मंडी प्रांगण में कार्यक्रम आयोजन करने की तैयारी शुरू की जा चुकी थी। किसानों ने जो माल डोम में रखा था, उसे हटाकर साइट में रखवाया जाने लगा था। वहीं, गडकरी और सीएम का कार्यक्रम के चलते 9 जुलाई को मंडी का अवकाश घोषित किए जाने की भी संभावनाएं लगाई जाने लगी थीं। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से उसपर फैसला नहीं लिया गया था।
बुधवार सुबह गडकरी के दौरे से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद एसडीएम, एसडीओपी सीएसपी समेत पूरा जिला प्रशासन मंडी प्रांगण में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गया था। हालांकि, केंद्रीय मंत्री गडकरी के जावरा रुकने और ग्रीनफील्ड फोरलेन का भूमिपूजन करने संबंधित अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ था। फिर भी शासन स्तर से मिले इनपुट के बाद प्रशासन तैयारियां करने लगा था। इसी बीच प्रशासन को अधिकृत जानकारी मिली है कि, कार्यक्रम निरस्त किया गया है।
इसके पहले मंडी में प्लेटफार्म और डोम का उपयोग कार्यक्रम में कैसे हो सकता है, उसकी तैयारी भी करनी शुरु कर दी गईं थीं। क्योंकि, बारिश के बीच इतने कम समय में नया डोम बनाना तो संभव नहीं था। इसलिए वहां बने किसानों के उपज रखने वाले डोम और प्लेटफार्म पर कार्यक्रम की तैयारी शुरु कर दी गई थीं। फिलहाल, अब स्थिति स्पष्ट हो गई है कि, कल होने वाला नितिन गडकरी का दौरा फाइनली निरस्त हो गया है। अब देखना होगा कि, लंबे समय से अटके जावरा-उज्जैन ग्रीनफील्ड हाईवे का काम के लिए भूमिपूजन की अगली तारीख क्या तय होती है।