
सोना-चांदी सस्ते होने से सराफा बाजार में उमड़ी भीड़
रतलाम। शहर में रविवार को सुबह शुभ मुहूर्त में दुकानों के शटर उठे तो बाजार में उम्मीदों का कारोबार शुरू हुआ। दोपहर होते-होते ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी और शाम ढलते-ढलते शहर के प्रमुख बाजारों में पैर रखने तक की जगह मुश्किल होने लगी। किसी ने सोने-चांदी के आभूषण खरीदे तो किसी ने नई कार और दोपहिया वाहन की चाबी थामी। कहीं घर के लिए प्लॉट और मकानों के सौदे हुए तो कहीं साड़ी, रेडीमेड कपड़े, मोबाइल और घरेलू उपकरणों की खरीदारी चली। त्योहारों से पहले खरीदारी के महामुहूर्त रवि पुष्य ने रविवार को रतलाम के बाजारों में जमकर धनवर्षा की। कारोबारियों के शुरुआती आकलन के मुताबिक, शहर में करीब 55 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है। बाजार में सुबह से देर रात तक चली खरीदारी ने व्यापारियों के चेहरे खिला दिए। अब सभी की निगाहें धनतेरस पर टिक गई हैं।
सोना-चांदी के भाव में बीते दिनों आई गिरावट ने ग्राहकों को खरीदारी का मौका दिया। इसका असर चांदनी चौक के सराफा बाजार में साफ दिखाई दिया। सुबह से ही ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया था, लेकिन दोपहर बाद दुकानों पर भीड़ बढ़ती चली गई। लोगों ने शादी-ब्याह और त्योहारों के लिए सोने-चांदी के आभूषण खरीदे। इसके साथ ही चांदी की मूर्तियों, सिक्कों और बर्तनों की मांग भी बनी रही। भाव में आई नरमी के चलते कई ग्राहकों ने पहले से टाली जा रही खरीदारी को रवि पुष्य पर पूरा किया। सराफा कारोबारियों को करीब 15 करोड़ रुपए के कारोबार की उम्मीद है।
रवि पुष्य पर ऑटोमोबाइल्स बाजार में भी खूब रफ्तार रही। शोरूम पर सुबह से ही बुकिंग और डिलीवरी का सिलसिला शुरू हो गया। ग्राहकों ने परिवार के साथ पहुंचकर पसंदीदा वाहनों की खरीदारी की। कारोबारियों के अनुसार, करीब 100 चार पहिया और 400 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई। इस तरह वाहन बाजार में करीब 16 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है। हालांकि मांग के मुकाबले इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों की उपलब्धता कम रही। कई ग्राहक पसंद के मॉडल और वेरिएंट के लिए जानकारी लेते भी नजर आए। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस पर वाहन बाजार में इससे भी ज्यादा रौनक रहेगी।
सिर्फ छोटे और मध्यम आकार की खरीदारी ही नहीं, बल्कि बड़े निवेश के लिहाज से भी रवि पुष्य शुभ रहा। प्रॉपर्टी बाजार में लोगों ने प्लॉट और मकानों के सौदे किए। लंबे समय से घर खरीदने या जमीन में निवेश की योजना बना रहे ग्राहकों ने शुभ मुहूर्त में सौदे आगे बढ़ाए। कारोबारियों के मुताबिक, प्रॉपर्टी सेक्टर में करीब 13 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है।
त्योहारों पर नए कपड़ों की खरीदारी के लिए साड़ी और रेडीमेड बाजार में भी अच्छी ग्राहकी रही। महिलाओं ने साड़ियों और परिधानों की खरीदारी की तो युवाओं और बच्चों के लिए भी कपड़े पसंद किए गए। परिवारों की सामूहिक खरीदारी से दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। इस सेक्टर में करीब 3 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है।
घरेलू जरूरतों और त्योहारों की तैयारी के चलते इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी खरीदारी का माहौल रहा। ग्राहकों ने मोबाइल फोन के साथ घरेलू उपकरणों में रुचि दिखाई। इसके अलावा किराना और अन्य कारोबार में भी अच्छी बिक्री हुई। इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में करीब 2 करोड़ और किराना व अन्य कारोबार में करीब 6 करोड़ रुपए का अनुमान लगाया गया है। रवि पुष्य की खरीदारी ने बाजार को धनतेरस से पहले ही उत्साह दे दिया है। कारोबारियों के लिए अब अगली बड़ी चुनौती ग्राहकों की इसी रफ्तार को बनाए रखने की है। शुभ मुहूर्त पर हुई बंपर खरीदारी से बाजार को उम्मीद है कि दीपावली तक कारोबार का ग्राफ और ऊपर जाएगा।
ऑटोमोबाइल्स : करीब 16 करोड़ रुपए
सोना-चांदी : करीब 15 करोड़ रुपए
प्रॉपर्टी : करीब 13 करोड़ रुपए
साड़ी-रेडीमेड : करीब 3 करोड़ रुपए
इलेक्ट्रॉनिक्स : करीब 2 करोड़ रुपए
किराना व अन्य : करीब 6 करोड़ रुपए
Updated on:
1 Nov 2026, 9:52 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 9:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.