
Ratlam News :मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के अंतर्गत आने वाले जावरा के जिस घर में बेटी की शादी की खुशियां मनाने की तैयारियां हो रही थीं, जहां कुछ ही दिनों में मंगल गीत गूंजने वाले थे, उसी घर में अब रिश्तों के टूटने की रस्म निभाई गई है। बेटी ने अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनकर प्रेम विवाह क्या किया, परिजन ने उससे सारे रिश्ते ही खत्म कर दिए। जावरा के कुम्हारीपुरा इलाके में परिजन ने युवती की 'गोरनी' कर सामाजिक रूप से उससे नाता तोड़ लिया। परिवार का कहना था कि, अब वो उनके लिए मर चुकी है।
घटना ने एक बार फिर समाज में प्रेम विवाह, पारिवारिक प्रतिष्ठा और बच्चों की पसंद को लेकर खड़े होने वाले सवालों को सामने ला दिया है। जानकारी के अनुसार, युवती के घर में विवाह समारोह की तैयारियां चल रही थीं। शादी की रस्में शुरू होने में महज दो दिन शेष थे। घर में मेहमानों के आने और विवाह की खुशियों के बीच अचानक युवती अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई। बाद में दोनों ने अपनी मर्जी से विवाह कर लिया।
युवती के इस फैसले से परिजन खासा नाराज हो गए। उन्हें बेटी का अपनी पसंद से विवाह करना इस कदर नागवार गुजरा कि, उन्होंने उससे संबंध खत्म करने का फैसला ले लिया। बेटी के फैसले से आहत हुए परिवार ने 'गोरनी' की रस्म निभाकर युवती से नाता तोड़ने की घोषणा कर दी।
एक तरफ बेटी ने अपने जीवन का नया सफर शुरू किया तो वहीं दूसरी तरफ जिस परिवार में उसका बचपन बीता, उसी परिवार ने उसे अपने लिए मृत घोषित कर दिया। जिस आंगन में कभी उसकी किलकारियां गूंजी थीं, वहां अब उसके नाम के साथ रिश्तों का अंत जोड़ दिया गया।
यह घटना कई सामाजिक सवाल छोड़ गई है। क्या बच्चों के फैसलों से असहमति का रास्ता रिश्ते खत्म करना ही है? आखिर प्रेम और पारिवारिक प्रतिष्ठा के बीच संवाद की जगह इतनी कम क्यों होती जा रही है?