
Ratlam News : मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के अंतर्गत आने वाले दीनदयाल नगर थाने के लालगुवाड़ी के वागेड़िया फंटा, मंदिर के पास ताश पत्तों से चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। अचानक हुई छापामार कार्रवाई से ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे जुआरियों के बीच हड़कंप मच गया। पुलिस ने जुआ खेलते सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस वाहन में बैठाने के दौरान दो आरोपी राजू टांक और पीयूष जैन ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा करके पकड़ लिया। भागने के दौरान दोनों खेतों में गिर गए, जिसके चलते दोनों के पैर में फ्रैक्चर हो गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और मौके से 1,85,000 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, मोबाइल और 3 वाहन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों का डीडीनगर पुलिस ने शनिवार को बाजना बस स्टैंड सागोद पर पैदल जुलूस निकालकर कोर्ट में पेश किया।
मामले की जानकारी देते हुए एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि, डीडीनगर थाना प्रभारी अनुराग यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, लालगुवाड़ी और आसपास के गांव में ताश पत्तों से रुपयों की हार-जीत का जुआ धड़ल्ले से चल रहा है। सूचना पर डीडीनगर, माणकचौक और रावटी थाने की पुलिस टीमें बनाकर मौके पर भेजी गई, जिसने सफलतापूर्वक इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 45 वर्षीय जगदीश भाभर पिता सोमा जी भाभर, निवासी लालगुवाड़ी। 30 वर्षीय मुकेश पिता रामा मावी कलजोरा, निवासी राजगढ़ धार। 20 वर्षीय भरत पिता नागजी भूरिया, निवासी बोरदा। 30 वर्षीय अक्षय पिता राकेश टाक, निवासी करमदी रोड। 40 वर्षीय राजू पिता बालाराम टाक, निवासी करमदी रोड। 27 वर्षीय अबरार पिता जाकिर हुसैन, निवासी रेल नगर। 60 वर्षीय नगरसिंह पिता भीमा मईडा, निवासी झाबुआ। 35 वर्षीय पीयूष पिता राजेंद्र जैन निवासी रामगढ़ और 30 वर्षीय इमरान पिता इकबाल खान, निवासी झाबुआ को गिरफ्तार किया है। पुलिस को फड़ से 25 पत्ते और 1,07,500 रुपए मिले। बाकी रकम आरोपियों के पास से बरामद की गई है।
जुआरियों ने जुआ खेलने के दौरान उजाला रखने के लिए बैटरी, हैलोजन लाइट और वायर का भी इंतजाम कर रखा था। इसी से उजाला करके ताश पत्तों से जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने ये सामान भी जब्त किया है।