रतलाम

Ratlam news : नृशंस हत्या कर झाडिय़ों में फैंका युवक का शव, पत्नी घर से फरार

सरवन थाने के अंतर्गत एक युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। युवक का शव मिलने के बाद पत्नी गायब हो गई। पुलिस ने उस पर केस दर्ज हत्या कर लिया है। प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या उसकी पत्नी और उसके साथ अन्य लोगों ने मिलकर की प्रतीत हो रही है।मृतक के घर से खून लगी कुल्हाड़ी जब्त हुई है।
2 min read
Sep 02, 2026
Breaking News
Breaking News

रतलाम. सरवन थाने के गांव बोरदा में एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक युवक भीमसिंह पिता मनोहरसिंह चरपोटा (40) मंगलवार की दोपहर को घर से निकला था। उसकी लाश बुधवार की सुबह घर से करीब 200 मीटर दूर नाले के किनारे झाडिय़ों में मिली। उसके गले और हाथ पर हथियार से गहरे घाव के निशान मिले हैं। लाश मिलने से पहले तक उसकी पत्नी ललिता गांव में ही परिवार के साथ थी। जैसे ही लाश मिली वह गांव से गायब हो गई। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि इस वारदात में महिला अकेली नहीं हो सकती है। उसके साथ कुछ और लोग शामिल हो सकते हैं। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया ने बताया मृतक पांच भाइयों में सबसे बड़ा था और सभी भाई गांव में अलग-अलग रहते हैं। सबसे छोटे दो भाई अनिल और सुनील माता-पिता के साथ रहते हैं। भीमसिंह मंगलवार की दोपहर के बाद से गायब था। मृतक के भाई केसरसिंह ने बताया कि मृतक भीमसिंह की पत्नी ललिता (38) मंगलवार की शाम को दूसरे भाई रकमलाल के यहां पहुंची थी। उसका कहना था कि भीमसिंह दोपहर में आभूषण लेकर सामान लेने के लिए दानपुर गए थे। अब तक नहीं लौटे और न ही फोन लग रहा है। इस पर सभी परिजनों ने उसे ढूंढने का प्रयास किया। फोन भी किया किंतु स्वीच ऑफ मिला। रात में नहीं मिलने पर सुबह फिर से सभी ने उसे ढूंढना शुरू किया तो सुबह करीब 10 बजे भीमसिंह के घर करीब दो सौ फीट दूर नाले के किनारे झाडिय़ों में भीमसिंहपड़ा मिला। उसके गले और सीने पर धारदार हथियार से गहरे घाव थे। पुलिस को सूचना दी तो मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया।

अचानक पत्नी हो गई गायब

ग्रामीणों और पुलिस के अनुसार सुबह 10 बजे झाडिय़ों में जैसे ही भीमसिंह का शव मिला तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस गांव पहुंचती तब तक मृतक की पत्नी ललिता गांव से गायब हो गई। पुलिस ने मृतक के घर की जांच की तो घर में खून से सनी कुल्हाड़ी, घर की दीवार पर खून लगा मिला जबकि कच्चे फर्श पर खून वाले स्थान पर पीली मिट्टी लिप दी गई थी। पुलिस ने कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।

जानवर भी खा गए थे हाथ

पुलिस के अनुसार मृतक झाडिय़ों में था और उस पर सूखी मक्का की डंठल आदि डाली हुई थी। रात में शव वहीं पड़ा होने से जानवर मृतक के हाथ का कुछ हिस्सा खा गए थे। एफएसएल टीम ने बारीकी से मुआयना करने के बाद शव को पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां उसके भाई और अन्य लोग पहुंचे थे। सरवन पुलिस अब गायब पत्नी ललिता के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।

Updated on:
02 Sept 2026 10:22 pm
Published on:
02 Sept 2026 10:21 pm