
MLA Kamleshwar Dodiyar video viral: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के रानीसिंग में जनजातीय गौरव दिवस (भगवान बिरसा मुंडा जयंती) के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार (BAP) द्वारा दिया गया एक बयान चर्चा का विषय बन गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों से सवाल किया कि क्या मैं इस्तीफा दे दूं? इस पर जनता के बीच से आवाज आई- हां, दे दो, दे दो। बता दें कि, रानीसिंग में हुए इस कार्यक्रम में राजस्थान से बाप पार्टी के दो अन्य विधायक भी शामिल हुए थे।
सोशल मीडिया पर भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक मंच से जनता से पूछते है कि- क्या करू मैं इस्तीफा दे दूं? आप बोली तो मैं दे दूं इस्तीफा? ये सुनकर सामने बैठी भीड़ ने जवाब में नारे लगाए कि "हां, दे दो, दे दो।" जनता की तरफ ऐसी प्रतिक्रिया आते देख विधायक कुछ सेकंड के लिए खामोश हो गए। फिर जनता की तरफ से आ रहे आक्रोश और सवालों को कार्यक्रम ने संचालक ने संभाला।
कुछ देर के बाद जनता की ओर से मिले इस जवाब पर विधायक डोडियार ने भी तत्काल प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि- ठीक है दें दूंगा इस्तीफा लेकिन इसके लिए भोपाल जाना पड़ेगा। कार्यक्रम के दौरान विधायक और जनता के बीच हुए इस संवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। रविवार देर रात तक यह वीडियो चर्चा में रहा। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। फिलहाल, उनका जनता से इस्तीफे को लेकर सवाल करना और भीड़ का जवाब देना चर्चा का विषय बना हुआ है।
कार्यक्रम में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने एक बार फिर भील प्रदेश बनाने का मुद्दा उठाया। उन्होने दावा किया कि आने वाले समय में भारत आदिवासी पार्टी से एमपी में कई और विधायक चुने जाएंगे और मध्य प्रदेश में सरकार बनाएंगे। बता दें, BAP पार्टी के संस्थापक और बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत ने कई बार भील प्रदेश के गठन की मांग की है। उन्होंने कई बार अपने सोशल मीडिया पर भील प्रदेश का नक्शा भी शेयर किया है।