
रतलाम. जिले के सरवन थाना क्षेत्र अन्तर्गत मोबाइल हैक कर युवक के बैंक खातों से 1.75 लाख की ठगी का मामला सामने आया हैं। एक युवक ने दुकानदार के दो बैंक खातों से मोबाइल हैक कर कुल की ऑनलाइन निकासी कर ली।
पीडि़त की शिकायत पर सरवन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। शीतला माता मंदिर के पास बेडदा निवासी मुकेश पिता मूलचंद रायकवार ने पुलिस को बताया कि वह दुकानदारी करता है।
बगैर अनुमति के बैंक खातों से कटने लगी रकम
मुकेश ने पुलिस को बताया कि 4 जून को उसका मोबाइल हैक हो गया, जिसके बाद उसके नंबर पर लगातार मैसेज आने लगे और कुछ ही देर में बैंक खातों से बिना अनुमति के रकम कटने लगी। उसके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से चार ट्रांजेक्शन में 1 लाख रुपए और बैंक ऑफ इंडिया खाते से तीन ट्रांजेक्शन में 75 हजार रुपए निकाले गए। घटना का पता चलते ही मुकेश ने बैंकों से स्टेटमेंट निकलवाए और तत्काल अपने दोनों बैंक खाते फ्रीज करवाए। उसने मोबाइल फोन भी फॉर्मेट कर दिया।
दोनों खातों से साइबर ठगी
पीडि़त ने बताया कि उसके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से 25-25 हजार रुपये की चार ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 1 लाख रुपये निकाल लिए गए। वहीं बैंक ऑफ इंडिया खाते से 25-25 हजार रुपये की तीन ट्रांजैक्शन के जरिए 75 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस प्रकार दोनों खातों से कुल 1 लाख 75 हजार रुपये की साइबर ठगी हो गई।
1930 पर की शिकायत
मुकेश ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित साइबर सेल और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। बाद में सरवन थाने में लिखित रिपोर्ट दी। थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तकनीकी जांच की जा रही है।
अनजान लिंक पर क्लिक न करें
साइबर विशेषज्ञों की सहायता से ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है और संबंधित खातों की भी जांच हो रही है। पुलिस ने नागरिकों से अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी साझा न करने का आग्रह किया हैं।