रतलाम

MP में कर्नाटक पुलिस की दबिश, ‘एक का डबल’ स्कीम से करोड़ों की ठगी करने वाले युवकों को किया गिरफ्तार

MP News: कर्नाटक पुलिस ने दो करोड़ की ऑनलाइन ठगी के बड़े मामले में बीती रात एमपी के बिलपांक और बदनावर में दबिश देकर तीन युवकों को हिरासत में लिया।

2 min read
Nov 15, 2025
money double fraud karnataka police arrested 3 youths ratlam mp news
karnataka police arrested 3 youths of ratlam (Patrika.com)

Money Double Fraud: विदेशों में रुपया दोगुना करने के नाम पर कर्नाटक के एक व्यक्ति को दो करोड़ का चूना लगाने के मामले में वहां की सायबर सेल और आर्थिक अपराध की चार सदस्यों की टीम गुरुवार देर रात रतलाम के बिलपांक पहुंची और दो युवकों को हिरासत में लिया। इनके साथ ही बदनावर के भी एक युवक को पकड़ा है।

तीनों को कर्नाटक पुलिस (Karnataka Police) शुकवार को अपने साथ ले गई है। बिलपांक पुलिस थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया कि उन्हें कर्नाटक पुलिस ने शुक्रवार की सुबह इसकी सूचना दी और हमने उन्हें मदद की। संभवतः टीम बीती रात को ही बिलपांक में आरोपियों के यहां पहुंच चुकी थी। (mp news)

ये है पूरा मामला

कर्नाटक के ग्रीन व्यू अपार्टमेंट, वि‌द्यारत्न स्कूल के सामने, डेरालकट्टे, उल्लाला, मंगलुरु सिटी निवासी उम्मर फारुक (43) ने यह शिकायत मंगलुरु सिटी थाने को दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया था कि वह कार ट्रेडिंग और रियल एस्टेट व्यवसाय करते हैं। तीन साल पहले 1 मई 2022 को उसके मोबाइल नंबर के सोशल मीडिया नंबर से एक व्यक्ति ने संपर्क किया। उसने अपना नाम अंकित बताया और कहा कि वह डेल्टीन रायल नामक कंपनी से है।

उसने कहा कि यदि वह (शिकायतकर्ता) पैसे निवेश करेंगे तो उन्हें दुगुना पैसा और मुनाफा मिलेगा। अंकित ने आगे बताया कि उसके साझेदारों में सुमित जाइसवाल, कुषाग्र जैन और अखिल हैं। यह लोग पैसा विदेश में निवेश कर दुगुना रिटर्न देते हैं। इस पर भरोसा कर उम्मर फारुक ने शिकायतकर्ता ने उसी दिन बैंक खाते से एक स्कैनर के माध्यम से 3500 भेजे। उसी दिन उन्हें 1,000 मुनाफे के रूप में वापस मिल गए। यह देखकर शिकायतकर्ता ने और अधिक निवेश करना शुरु कर दिया।

3 साल में दो करोड़ का निवेश किया

लालच में आकर उम्मर फारुक ने मई 2022 से 29 अगस्त 2025 तक स्वयं के खातों के साथ ही पत्नी फातिमा, चाचा इस्माइल, भतीजी आयशा अफीफा के विभिन्न बैंकों के खातों से दो करोड़ रुपए आरोपी के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब उसने मुनाफा और राशि की मांग की और पिछले तीन महीनों में एप पर लगातार मैसेज और कॉल किए, लेकिन किसी आरोपी ने जवाब नहीं दिया।

जब शिकायतकर्ता ने अंकित से बात कर रिफंड की मांग की, तब अंकित ने बताया कि उसके साथी कुषाग्र जैन, अखिल और सुमित जायसवाल ने धोखा दिया है। अब वह उनके साथ साझेदारी में नहीं है। इसके बाद आरोपियों ने उम्मर फारुक कोएप कॉल पर धमकी दी कि वे कोई पैसा वापस नहीं देंगे और यदि मांग की तो मार डालेंगे। इस पर कर्नाटक के मंगलुरु सिटी थाना पुलिस ने कुषाग्र जैन, अखिल, सुमित जायसवाल और अंकित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

70-30 की भागीदारी

बिलपांक से पकड़ाए कुशाग्र पिता अनिल जैन (23), सुमित पिता सुरेश जायसवाल (27) और बदनावर निवासी अखिल पिता सतीश मंडरा (29) ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि अंकित 70 फीसदी हिस्सा लेता था और वे उसके यहां काम करते तो उन्हें 30 फीसदी हिस्सेदारी मिलती थी। दूसरी तरफ अंकित का कहना था कि इन लोगों ने उसके साथ धोखा किया। (mp news)

Published on:
15 Nov 2025 10:24 am