
रतलाम. मप्र कोटे की एमबीबीएस और बीडीएस की सीटी के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने कंबाइंड मॉपअप राउंड की तैयारी कर ली है। रतलाम मेडिकल कॉलेज में स्टेट कोटे से 170 सीटों में से दो चरणों में 125 ने प्रवेश ले लिया है। बची हुई 45 सीटों पर अब यह प्रवेश प्रक्रिया होगी। एमबीबीएस और बीडीएस स्टूडेंट के लिए जारी किए गए शेड्युल के अनुसार 28 सितंबर से फ्रेश अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। एमबीबीएस और बीडीएस में प्रवेश लेने के इच्छुक नीट पास अभ्यर्थी जिनका पहले से रजिस्ट्रेशन हैं उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की जरुरत नहीं है। उन्हें इस राउंड में अपने आप शामिल होने का मौका मिल जाएगा।
दस्तावेज वेरिफिकेशन समिति गठित
मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया के तहत दस्तावेज वेरिफिकेशन के लिए डॉक्टरों की समिति गठित की जाती है। रतलाम मेडिकल कॉलेज में भी गठित कर दी गई है। रजिस्ट्रेशन के बाद रिपोर्टिंग के लिए आने वाले स्टूडेंट के दस्तावेज यही समिति चेक करेगी।
ऑल इंडिया कोटे से 1 से प्रवेश
ऑल इंडिया कोटे से प्रवेश वाली सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया 1 से 9 अक्टूबर तक चलेगी। रतलाम मेडिकल कॉलेज में ऑल इंडिया कोटे की 30 सीटों में से अभी तक दो चरणों में मात्र 3 प्रवेश कन्फर्म है। शेष बची हुई 27 सीटों के लिए यह चरण होगा।
इस प्रकार है शेड्यूल
फ्रेश रजिस्ट्रेशन - 28 सितंबर से 2 अक्टूबर (रात 11.59 बजे तक) नीटयूजी 2026 क्वालिफाइड नए अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। पहले से रजिस्टर्ड को दोबारा करने की जरूरत नहीं है।
- मेरिट लिस्ट और वैकेंसी प्रकाशन - 3 अक्टूबर को संशोधित स्टेट मेरिट लिस्ट और खाली सीटों की सूची जारी होगी।
- चॉइस फिलिंग और लॉकिंग - 4 से 7 अक्टूबर (रात 11.59 बजे तक) मॉप अप राउंड में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को फ्रेश चॉइस फिलिंग करना अनिवार्य है।
- अलॉटमेंट रिजल्ट - सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 अक्टूबर को मॉप अप राउंड का परिणाम जारी कर दिया जाएगा।
- कॉलेज में रिपोर्टिंग - 11 से 14 अक्टूबर (शाम 6 बजे तक) आवंटित मेडिकल या डेंटल कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन और एडमिशन लेना होगा।
यह भी लागू होगा
एनएमसी की तरफ से तय किए गए नियम के अनुसार मॉप अप राउंड शुरू होने के बाद कोई स्टूडेंट सीट छोड़ता है तो उस पर सीट लीविंग बॉन्ड लागू होगा।
पीजी के लिए जल्द होगी प्रक्रिया
एमबीबीएस और बीडीएस की प्रवेश प्रक्रिया के तहत मॉपअप राउंड का टाइम टेबल जारी हो चुका है। अब पीजी के लिए जल्द ही प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। पीजी कोर्सेस के लिए हुई परीक्षा के परिणाम जारी हो चुके हैं। इसका शेड्युल तय होते ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।