
MP News: मध्यप्रदेश के रतलाम में एक युवक ने पत्नी व ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी कर ली। घटना ऊकाला रोड क्षेत्र की है जहां रहने वाले मोईन काजी (35) ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। जहर खाकर जान देने से पहले मोईन ने एक सात मिनट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला है जिसमें उसने अपनी पत्नी व ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। वीडियो में उसने अपनी मौत के लिए पत्नी व ससुराल वालों को ही जिम्मेदार ठहराया है।
सुसाइड करने से पहले मोईन ने जो सात मिनट का वीडियो बनाया है उसमें वो हाथ में सल्फास की गोलियों की डिब्बी लिए दिख रहा है। वो पत्नी का नाम लेते हुए कहता है कि तूने आज स्टेटस लगाया है कि मैं तेरे लिए सिरदर्द बन गया हूं। ठीक है ये देख सल्फास है जो मैं खाने वाला हूं। उसने आगे कहा कि मुझे मेरी औरत ने इतना परेशान किया है। मेरी 13 साल की शादी में वह कई बार मायके जाकर बैठ गई। न उसने मुझसे बात की और न बच्चों से कराई। अब मुझसे यह सब बर्दाश्त नहीं हो सकता। यह कदम मैं मजबूरी में उठा रहा हूं क्योंकि तुमने (पत्नी) ने मुझे मजबूर कर दिया है। मोईन ने अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी व ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है और दोनों बच्चों को अपनी मां को देने की बात कही है।
जहर खाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजन मोईन को अस्पताल लेकर पहुंचे थे लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि जब अस्पताल पहुंचे युवक बयान देने की हालत में नहीं था और फिर उसकी मौत हो गई। आत्महत्या से पहले का एक वीडियो सामने आया है। आरोपों से जुड़े सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच की जाएगी। केस दर्ज कर लिया गया है।