
रतलाम। Navratri 2019 Latest Hindi News : शारदीय नवरात्रि इस बार पूरे 10 दिन का महापर्व है। इन दिनों में मां की विधि-विधान से पूजा का विधान है। हिंदू पंचांग के अनुसार, इस बार मां दुर्गा हाथी पर सवार हो कर आएंगी और उनका प्रस्थान घोड़े पर होगा। मां दुर्गा का आगमन हाथी पर एवं गमन घोड़े पर है। शास्त्रों के अनुसार, मां दुर्गा का आगमन और गमन दोनों ही शुभ नहीं बताए जा रहे हैं। ये बात उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योतिषी दयानंद शास्त्री ने रतलाम में भक्तों को कही।
प्रसिद्ध ज्योतिषी दयानंद शास्त्री ने बताया कि हिन्दू पंचांग के अनुसार अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को शारदीय नवरात्रि शुरू होती है। इस बार शारदीय नवरात्रि 29 सितंबर, रविवार से आरंभ होंगी और 7 अक्टूबर, सोमवार को नवमी मनाई जाएगी. 8 अक्टूबर को दशहरा है। इसी के साथ महापर्व का अंत होगा। नवरात्रि के नौ दिनों के दौरान मां के नौ रूपों की पूजा की जाती है। ऐसी मान्यता है कि मां दुर्गा इस दौरान अपने भक्तों की पुकार जरूर सुनती हैं और उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
इनकी होती है नौ दिन तक पूजन
प्रसिद्ध ज्योतिषी दयानंद शास्त्री ने कहा कि नवरात्रि के नौ दिन के दौरान मां के नौ स्वरूपों शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धदात्री की पूजा की जाती है। पहले दिन घटस्थापना होती है और मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। एक साल में चार बार नवरात्रि आती है। दो गुप्त और दो प्रकट नवरात्रि। माघ मास और आषाढ़ मास में गुप्त नवरात्रि आती है जबकि चैत्र और आश्विन में प्रकट नवरात्रि का उत्सव मनाया जाता है।
9 दिनों में 6 दिन विशेष योग
प्रसिद्ध ज्योतिषी दयानंद शास्त्री ने बताया कि इस बार शारदीय नवरात्रि के 9 दिनों में 6 दिन विशेष योग बनेंगे। जिसकी वजह से नवरात्रि की पूजा काफी शुभ और फलदायी होगी। 2 दिन अमृतसिद्धि, 2 दिन सर्वार्थ सिद्धि और 2 दिन रवि योग बनेंगे। नवरात्रि के यह 9 दिन शक्ति की उपासना के लिए बेहद शुभ होते हैं। ये देश में खुशहाली के संकेत हैं। नवरात्रि का प्रारम्भ सर्वार्थ सिद्धि योग एवं अमृत सिद्धि योग जैसे बेहद विशेष संयोग में हो रहा है।
MUST READ : जब देवी को खाने आया था शेर, फिर हुआ यह...
यहां जानिए किस तारीख को क्या योग बनेगा
- 30 सितंबर को अमृत सिद्धि योग
- 1 अक्टूबर को रवि योग
- 2 अक्टूबर को अमृत और सिद्धि योग
- 3 अक्टूबर को सर्वार्थ सिद्धि
- 4 अक्टूबर को रवि योग
- 5 अक्टूबर को रवि योग
- 6 अक्टूबर को सर्वसिद्धि योग रहेगा।
--इस वर्ष 2019 में 7 अक्टूबर 2019 को महानवमी दोपहर 12.38 तक रहेगी।
- इसके बाद दशमी यानी दशहरा होगा।
- दशहरा या विजयदशमी 8 अक्टूबर 2019 को दोपहर 14 बजकर 50 मिनट तक रहेगी।
- यह बहुत ही शुभ सयोग है।