रतलाम

पटवारी आंदोलन : एक और की सेवा समाप्त, 53 को अंतिम चेतावनी

स्वामित्व योजना और फार्मर रजिस्ट्री में प्रशासन और पटवारियों के बीच आरपार की लड़ाई शुरू हो गई है। साथी पटवारियों की बहाली की मांग को लेकर गुलाब चक्कर पर धरना जारी है। इसी बीच कलेक्टर अजय कटेसरिया ने एक और परिवीक्षाधीन पटवारी की सेवा समाप्त कर दी है।
2 min read
• •
Oct 09, 2026
ratlam news
हड़ताल पर बैठे पटवारी

रतलाम. स्वामित्व योजना, फार्मर रजिस्ट्री और अन्य राजस्व कार्यों को लेकर प्रशासन और पटवारियों के बीच चल रही लड़ाई अब आरपार की लड़ाई शुरू हो गई है। लापरवाही पर जिला प्रशासन ने पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पटवारी जहां लगातार आंदोलन कर रहे हैं वहीं जिला प्रशासन इन पर कानून का डंडा चला रहा है। कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देश पर शुक्रवार को एक और परिवीक्षाधीन पटवारी को सेवा समाप्त कर दी गई है। जिले के 53 पटवारियों को अंतिम चेतावनी और रतलाम ग्रामीण तहसील के 22 पटवारियों को दीर्घ शास्ति के आरोप-पत्र जारी किए गए हैं। इस तरह अब तक 80 पटवारी कार्रवाई के दायरे में आए हैं।

पटवारियों का आंदोलन जारी

प्रशासन की कार्रवाई के बीच स्वामित्व योजना के विरोध और सेवा से पृथक किए गए साथी पटवारियों की बहाली की मांग को लेकर पटवारियों का आंदोलन भी जारी है। शुक्रवार को गुलाब चक्कर में पटवारी एकत्रित हुए और नारेबाजी कर अपनी मांगें दोहराई। प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार आगे की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

अब तक पांच की सेवा समाप्त

कलेक्टर कटेसरिया के निर्देश पर तीन दिन में पांच परिवीक्षाधीन पटवारी को सेवा से पृथक कर दिया गया है। शुक्रवार को एक और पटवारी पर यह गाज गिर गई है। तहसील पिपलौदा में पदस्थ परिवीक्षाधीन पटवारी रजनीश राज रैगा की सेवा समाप्त कर पद से पृथक कर दिया है। उन्हें भी कार्य में लापरवाही के कारण बर्खास्त किया है।

आरोप-पत्र के बाद विभागीय जांच

आदेश में कहा गया कि रतलाम ग्रामीण तहसील के 10 पटवारियों को स्वामित्व योजना, फार्मर रजिस्ट्री और अन्य निर्धारित कार्य समय पर पूरे नहीं करने के आरोप में दीर्घ शास्ति के आरोप-पत्र जारी किए गए हैं। इनके विरुद्ध विभागीय प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई होगी। संबंधित पटवारियों के जवाब और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि शासकीय सेवा के साथ जनता के प्रति जवाबदेही भी जुड़ी है। परिवीक्षा अवधि कर्मचारियों के लिए कार्यक्षमता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा साबित करने का अवसर है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, सेवा से पृथक किए गए कर्मचारियों के रिक्त पदों पर पात्र आवेदकों को अनुकंपा नियुक्ति देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कार्रवाई के तीन प्रमुख बिंदु

5 पटवारी : पिपलौदा सहित परिवीक्षाधीन पांच पटवारियों को सेवा से पृथक किया।

53 पटवारी : सैलाना, आलोट और जावरा के कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी पत्र जारी।

22 पटवारी : रतलाम ग्रामीण तहसील में दीर्घ शास्ति के आरोप-पत्र जारी किए गए।

अभियोजन स्वीकृति के बाद तीन पटवारी निलंबित

कलेक्टर अजय कटेसरिया ने रिश्वत मामले में लोकायुक्त से ट्रेप हो चुके तीन अलग-अलग प्रकरणों में अभियोजन स्वीकृति मिलने के बाद बाद तीनों पटवारियों को निलंबित कर दिया है। तीनों के विरुद्ध लोकायुक्त पुलिस उज्जैन द्वारा ट्रैप की कार्रवाई कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध हैं।

रमेश बैरागी

सीमांकन रिपोर्ट के एवज में पंचेड़ टप्पा में पदस्थ रहे पटवारी रमेश बैरागी ने 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। लोकायुक्त टीम ने 40 हजार रुपए लेते पकड़ा था।

प्रभुकुमार गरवाल

ताल तहसील के किटखेड़ी के पटवारी प्रभुकुमार गरवाल ने सीमांकन रिपोर्ट एवं पंचनामा देने के बदले से चार हजार रुपए मांगे थे। लोकायुक्त की टीम ने पकड़ा था।

प्रवीण कुमार जैन

भूमि डायवर्जन की कार्रवाई के एवज में खेड़ाखेड़ी जावरा के पटवारी प्रवीण कुमार जैन ने छह की रिश्वत मांगी थी। लोकायुक्त टीम ने रिश्वत लेते दबौच लिया था।

Updated on:
09 Oct 2026 10:23 pm
Published on:
09 Oct 2026 10:19 pm