
रतलाम। खुद को नारकोटिक्स TI बताकर सपना ठाकुर नामक मंदसौर की महिला ने रतलाम के प्रापर्टी ब्रोकर से 4.75 करोड़ की ठगी कर दी। थाना माणक चौक पुलिस ने धोखाधड़ी, जबरन वसूली और धमकाने के मामले में आरोपी महिला सपना ठाकुर के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।
फरियादी रूपेश चरपोट पिता धनपाल जी चरपोट, निवासी तेजानगर, रतलाम ने रिपोर्ट में बताया कि वह प्रॉपर्टी दलाली और मकान कंस्ट्रक्शन का काम करता है। दिसंबर 2025 में विजय लोढ़ा द्वारा लाखों रुपये हड़पने का केस कोर्ट में चल रहा था। इसी दौरान 10 से 15 दिसंबर 2025 के बीच उसके मोबाइल पर दो नंबरों से फोन आया। फोन करने वाली ने खुद को मंदसौर में नारकोटिक्स टीआई बताकर नाम सपना ठाकुर बताया और कहा कि विजय लोढ़ा के खिलाफ एफआइआर की कॉपी भेजो, रिकवरी करवा दूंगी।
जीजा की मदद के नाम पर भी ली राशि
आरोप है कि सपना ने इसी झांसे में शुरुआत में 70 लाख रुपये नगद ले लिए, यह कहकर कि लोढ़ा का मकान-फ्लेट हाईकोर्ट से आपके नाम करवा दूंगी। फिर फरियादी के जीजाजी कमल मल्लारा से उनके मामले में मदद के नाम पर 15 लाख, उधारी दिखाने के नाम पर 42 लाख का उधारीनामा लिखवाया, 22 लाख आरटीजीएस से एयू बैंक खाते से अपने खाते में ट्रांसफर कराए, स्टाम्प ड्यूटी के नाम पर 15 लाख और लिए।
एफआइआर के अनुसार सपना ने तुलसी विहार कॉलोनी स्थित प्लॉट नंबर LIG-06 (13x55 फीट) अपने नाम करा लिया, 10 दिन में रिटर्न रजिस्ट्री का वादा कर नहीं लौटाया। नामली 08 लेन पर 3.5 बीघा जमीन पर पार्टनरशिप में पेट्रोल पंप के नाम पर 35 लाख, बिरमावल रोड पर 100 बीघा जमीन पर केसीसी लोन भरने के नाम पर 20 लाख ले लिए। बेटी की शादी के लिए जमा 105 ग्राम सोने के जेवर भी ले लिए।
दिवालिया घोषित करवा लिया
बाद में हाईकोर्ट केस मजबूत करने और दिवालिया दिखाने के नाम पर तेजानगर स्थित मकान की रजिस्ट्री 32,93,000 रुपये के बेचान पर अपने नाम करा ली। 20 लाख का चेक दिया और अगले दिन ही बैंक खाते से नगद निकलवाकर वापस ले लिए। फिर एक वीडियो बनवाया जिसमें फरियादी से बुलवाया गया कि मकान 1.30 करोड़ में बेच दिया और कोई उधारी नहीं। मकान पर ताला लगाकर नोटरी से खाली करवाया, कैमरे लगवाए, जिससे फरियादी को भाई के काटजू नगर वाले मकान में जाना पड़ा।
एनडीपीएस केस में फंसाने की धमकी
मना करने पर एमडी ड्रग पाउडर रखकर एनडीपीएस केस में फंसाने, बेटी का रिश्ता तुड़वाने और एनकाउंटर करने की धमकी देने का आरोप है। फरियादी के मुताबिक कुल 3,45,75,900 रुपए नगद और तेजानगर स्थित 1 मकान हड़प लिया गया, पुलिस ने कुल संपत्ति का मूल्य करीब 5 करोड़ रुपये दर्ज किया है। मोबाइल फॉर्मेट कर सबूत मिटाने और दो नई सिम निकलवाने का भी आरोप है। पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में लिया है।