
रतलाम. बंगाली कारीगर ने एक बार फिर से रतलाम के सराफा व्यापारियों को बड़ी चपत लगाई है। दो व्यापारियों का 12 लाख रुपए से ज्यादा कीमत का 88 ग्राम सोना लेकर कारीगर गायब हो गया है। पुलिस ने व्यापारी चेतन सोनी की रिपोर्ट पर अजीम और उसके भाई अजीज पर केस दर्ज किया है।
सुनारों की गली चांदनी चौक निवासी चेतन सोनी ने बताया कि उनकी श्री आशापुरा ज्वेलर्स के नाम से चांदनी चौक रतलाम में दुकान है। अजीम शेख से करीब पांच छह साल से (सोने के) दाने बनवाते रहे हैं। अजीम शेख उसके भाई अजीज को जुलाई माह दुकान पर लेकर आया और कहा कि यह बहुत अच्छा काम करता है। आप इसे झुमकी (सोने की) बनवा के दे दीजिये। अजीम के विश्वास पर 19 अगस्त 2026 को 15 जोड़ (30 नग) झुमकी बनवाने का आर्डर अजीज को देते हुए 50 ग्राम सोना दिया। उसने 24 अगस्त को झुमकी देने की बात कही। इसके बाद मैंने कारीगर रंजन को 20 ग्राम सोना के दाने बनाने के लिए अजीम की दुकान पर भिजवाया। करीब 10 लाख रुपए कीमत का 70 ग्राम सोना दिया था। कारीगर रंजन ने अजीम से पूछा तो उसने दो दिन में देने की बात कही थी। इसके बाद 24 अगस्त को ही बेटे कृष्णा को अजीम और अजीज की दुकान पर भेजा तो वहां ताला लगा मिला। फोन किया तो दोनों का फोन बंद मिला।
मशीन भी दिलवाई थी सोनी ने
अजीज और अजीम को दुकान खोलने, आभूषण बनाने के औजार मशीन भी चेतन सोनी ने ही दिलाई थी। सोनी के अनुसार उन्हें बात में पता चला कि सराफा व्यापारी किशन पिता हेमंत कुमार सोनी निवासी कसारा बाजार का भी करीब 18 ग्राम सोना लेकर अजीम फरार हो गया है। माणकचौक पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
--
डुप्लीकेट सिम बनाकर खाते से निकाल लिए 96 हजार रुपए
डीडीनगर थाना क्षेत्र के बर्डिया निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर की डूप्लीकेट सिम जारी करवाकर खाते से 96 हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है। सायबर में हुई शिकायत के बाद डीडीनगर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बर्डिया निवासी पूजा पति प्रकाश खराडी (20) ने पुलिस को बताया कि उसके पति प्रकाश का सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया में खाता है और उनके ही नंबर खाते से जुड़े हुए हैं। पति के पास अज्ञात नंबर से कॉल आया और कॉल करने वाले ने बोला तेरी सीम बंद कर रहा हूं। इसके बाद पति की सिम बंद हो गई। इस पर मोबाइल कंपनी के कार्यालय गये तो पता चला कि दूसरे के नाम से यह नंबर अलाट हो गया है। यही नहीं हमारा यूपीआइ भी बंद हो गया। यूपीआइ चालू करवाने में बैंक गए तो पता चला कि खाते से 1 व 2 सितंबर को 96 हजार रुपए निकाले जा चुके हैं। सायबर में शून्य पर शिकायत दर्ज होने के बाद डीडीनगर थाने पहुंची जहां असल कायमी की गई।