रतलाम

सीसीटीवी कैमरे की जद में गंगा जलिया मंदिर, तार फेंसिंग भी होगी

अशोकनगर ग्रीन सिटी के पास स्थित गंगा जलिया मंदिर में प्रतिमा तोड़े जाने के बाद उठे विवाद को हल करने के लिए प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने अपने स्तर पर मंदिर के पास के पेड़ों पर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए जिससे असामाजिक तत्वों की गतिविधियाें पर निगरानी रखी जा सके।
3 min read
Sep 02, 2026
ratlam news
सीसीटीवी कैमरे (गोले में)

रतलाम. अशोकनगर ग्रीन सिटी के पास स्थित गंगा जलिया मंदिर की प्रतिमा खंडित करने पर मचे बवाल और हिंदू संगठनों के तीव्र विरोध के बाद दूसरे दिन भी प्रशासन और पुलिस के अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने मंदिर और इससे लगे पेड़ के साथ ही एक अन्य पेड़ पर दोपहर में ही सीसीटीवी कैमरे लगवाकर इसका एसेस अपने पास रख लिया। इससे यहां पर असामाजिक तत्वों या आने-जाने वालों की गतिविधियों की निगरानी रखी जा सके। चूं्कि मंदिर और बावड़ी निजी जमीन पर होने से प्रशासन ने भूमि मालिक से दूरभाष पर चर्चा की। भूमि मालिक ने यहां स्वयं तार फेंसिंग करवाने की सहमति दी जबकि इस मंदिर से कुछ दूरी पर लोहे का गेट लगवाने की भी तैयारी की जा रही है। दूसरी तरफ मंगलवार को यहां प्राण प्रतिष्ठा करवाने की पूरी तैयारी नहीं होने और मामले की गंभीरता को देखते हुए हिंदू संगठनों ने इसे एक सप्ताह के लिए टाल दिया है। अब पूरी तैयारी होने के बाद यहां प्राण प्रतिष्ठा करने की अलग से तारीख तय की जाएगी।

दोपहर में पहुंचे अफसर

सोमवार की दोपहर बाद घटनाक्रम सामने आने के बाद हिंदू संगठनों और बजरंग दल के तीव्र विरोध के बाद पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे थे। सोमवार को जैसे-तैसे मामला शांत कराया। मंगलवार को भी तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, टीआई विक्रमसिंह चौहान के साथ हिंदू संगठनों से जुड़े पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। मुआयना करने के दौरान ही एएसपी राकेश पंद्रो भी पहुंचे और चारों तरफ की जानकारी जुटाई।

जबलपुर में रहते जमीन मालिक

प्रशासन ने यहां जानकारी जुटाई तो यह जमीन जीवनसिंह राजपूत की निकली। वे इस समय जबलपुर में रहते हैं और जमीन, मंदिर, बावड़ी की देखभाल के लिए नगरा के किसी व्यक्ति को यहां पर रखा हुआ है। प्रशासन की उनसे चर्चा के बाद केयर टेकर भी मौके पर पहुंचा। उसके अनुसार यह मंदिर व बावड़ी करीब डेढ़ सौ से दो सौ साल पुराना है। मुआयने के दौरान स्थानीय पार्षद सलीम बागवान, हिंदू संगठन के पदाधिकारी, पुलिस और प्रशासन के अफसर, राजस्व निरीक्षक और पटवारी सहित अन्य मौजूद रहे।

रामद्वारा की भी फेेंसिंग होगी

अशोक नगर ग्रीन सिटी में प्राचीन रामद्वारा भी बना हुआ है। इसकी भी काफी जगह है किंतु कुछ जगह अतिक्रमण होने से यह मामला भी संवेदनशील हो गया है। हिंदू संगठन के पदाधिकारी तगसीलदार शर्मा को वहां भी ले गए और पूरी स्थिति से अवगत कराया। तहसीलदार ने तार फेंसिंग करवाने की बात कही। जनसहयोग से यहां भी आगामी दिनों में तार फेसिंग करवा दी जाएगी। धर्मस्व विभाग से बजट स्वीकृत होने पर चारों तरफ बाउंड्रीवाल बनवाई जाएगी। इस पर मौजूद हिंदू संगठन पदाधिकारी सहमति हो गए।

सफाई कराई, मुरम डालेंगे

अशोकनगर ग्रीन सिटी से गंगा जलिया मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर कल तक भारी मात्रा में गंदगी और कचरा पड़ा हुआ था। विवाद के बाद इसे जेसीबी से हटवा दिया गया। अब इस मार्ग पर मुरम डलवाई जाएगी जिससे आवागमन सुगम हो सके।

--

तार फेसिंग करवाएंगे

गंगा जलिया मंदिर में प्रतिमा खंडित करने का मामला सामने आया था। मंदिर और बावड़ी के यहां असामाजिक तत्वों का आना-जाना लगा रहता है। फिलहाल सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए हैं। निजी जमीन पर बने मंदिर और बावड़ी के बारे में जमीन मालिक से चर्चा हो गई है। वे मंदिर के तारों तरफ तार फेसिंग करवाएंगे। एक सप्ताह में ये काम हो जाएगा। इसके बाद मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हिंदू संगठन करवाएंगे।

कुलभूषण शर्मा, तहसीलदार, रतलाम

--

संदिग्धों से कर रहे पूछताछ

मंदिर में मूर्ति को खंडित करने के मामले में पुलिस की जांच चल रही है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही असल आरोपियों तक पुलिस पहुंच जाएगी।

राकेश पंद्रो, एएसपी रतलाम

Updated on:
02 Sept 2026 11:29 am
Published on:
02 Sept 2026 11:28 am