
रतलाम. शहर में यातायात नियमों के पालन, सडक़ सुरक्षा एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तेज आवाज एवं पटाखेदार मॉडिफाइड साइलेंसरों के विरुद्ध रतलाम पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की है, जिनमें अनधिकृत रूप से मोडिफाइड अथवा अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले साइलेंसर लगाए गए हैं।
यातायात पुलिस की पूर्व में कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए दर्जनों पटाखेदार एवं तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसरों को मंगलवार को दो बत्ती चौपाटी पर ठीक 12 बजे क्रेश कर नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के माध्यम से वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि सडक़ पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना आवश्यक है और वाहनों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन कर तेज एवं कर्कश ध्वनि उत्पन्न करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
तेज आवाज वाले साइलेंसर आमजन के लिए परेशानी का कारण
मोडिफाइड एवं पटाखेदार साइलेंसरों से निकलने वाली तेज एवं कर्कश आवाज से सडक़ पर चलने वाले राहगीरों के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों एवं आम नागरिकों को असुविधा होती है। अचानक तेज आवाज से सडक़ पर वाहन चलाने वाले अन्य लोगों का ध्यान भटकने तथा दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना भी रहती है। रतलाम पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में यातायात अनुशासन, सडक़ सुरक्षा एवं जिम्मेदार वाहन संचालन की भावना विकसित करना है।
दोपहर में की कार्रवाई
घड़ी में जैसे ही 12 बजे, यातायात पुलिस ने जब्त किए साइलेंसरों पर रोलर चलवाकर एक-एक कर क्रेश कर नष्ट कर दिया। कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट किया गया कि पटाखेदार साइलेंसर लगाकर सडक़ पर शोर एवं दहशत का माहौल पैदा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
वाहन चालकों से अपील
ृ- वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें।
- किसी भी प्रकार का अनधिकृत मॉडिफिकेशन न करवाएं।
- पटाखेदार अथवा अत्यधिक तेज आवाज वाले साइलेंसर का उपयोग न करें।
- सडक़ पर वाहन चलाते समय स्वयं की तथा अन्य सडक़ उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का ध्यान रखें।
- यातायात नियमों का पालन कर जिम्मेदार वाहन चालक की भूमिका निभाएं।
रतलाम पुलिस यातायात नियमों के उल्लंघन एवं सडक़ सुरक्षा को प्रभावित करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी एवं सतत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।