रतलाम

डीजे मशीनें चोरी, 24 घंटे में पुलिस ने चार को दबौचा, माल भी बरामद

डीजे वाहन से चोरी के मामले में शिवगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली और रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को पुलिस ने दबौचते हुए माल भी जब्त कर लिया है। दूसरी तरफ बुधवार को शहर में निकले ईद मिलादुन्नबी के जलसे में शामिल डीजे कानफोड़ू आवाज बजते रहे। रात में शहर के चार थानों में 14 डीजे संचालकों और दो डीजे पर तीन हजार का जुर्माना भी ठोका।
2 min read
Aug 26, 2026
ratlam news
डीजे मशीनों और आरोपियों के साथ पुलिस

रतलाम. प्लाट पर खड़े डीजे वाहन से आठ मशीनें चोरी करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही चार आरोपियों को दबौच लिया। इनसे चोरी की गई आठों मशीनें और चोरी में उपयोग किए गए चार पहिया और दो वाहनों को भी जब्त कर लिया है।

यह थी घटना

तीन दिन पहले 22 अगस्त को शिवगढ़ के शीतला माता गली निवासी अभिजीतसिंह पिता बहादुरसिंह राठौर (25) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके प्लाट में खड़ी बोलेरो डीजे गाड़ी से अज्ञात व्यक्ति 08 डीजे मशीनें चुरा कर ले गए हैं। चोरी गई मशीनों की कीमत करीब 3,50,000 रुपए हैं। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर विवेचना शुरू की।

विशेष टीम गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार के ने एएसपी राकेश कुमार पान्द्रो के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के नेतृत्व में थाना प्रभारी रणजीतसिंह मकवाना, एसआई प्रतापसिंह भदौरिया, इशाक खान और पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित कर चोरी की पतारसी में लगाया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवगढ़ निवासी तरुण वाघेला एवं उसके साथियों की उक्त चोरी की घटना में भूमिका है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिवगढ़, बाजना, रावटी एवं भग्गा सेलोत क्षेत्र में लगातार सर्चिंग एवं आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों को पकडक़र पूछताछ की। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की घटना में संलिप्तता सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई 8 डीजे मशीनें बरामद कर ली। साथ ही वारदात में उपयोग किए गए चार पहिया वाहन एमपी 09 सीएम-3002 एवं एक बाइक क्रमांक एमपी 4र्3ंझेडजी-2247 को भी जब्त किया।

चोरी की वारदात का तरीका

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 20 अगस्त की रात में शीतल ढाबे पर योजना बनाकर अपने साथियों के साथ दो बाइक से शीतला माता गली स्थित खाली प्लाट पर पहुंचकर वहां खड़ी बोलेरो डीजे गाड़ी से तिरपाल हटाकर उसमें लगी 8 डीजे मशीनें चोरी की थीं। आरोपियों से घटना के संबंध में पुलिस विस्तृत पूछताछ कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में किसी अन्य चोरी की घटना में शामिल रहे हैं अथवा नहीं।

गिरफ्तार आरोपी

- तरुण पिता जगदीश वाघेला (19) निवासी शिवगढ़।

- महेश पिता कंवरलालहाड़ा (21) निवासी शिवगढ़।

- सागर पिता कंवरलालहाड़ा (19) निवासी शिवगढ़।

- आयुष पिता भुरालाल गेहलोत, (22), निवासी भग्गा सेलोत, थाना रावटी।

14 डीजे संचालकों पर केस दर्ज

शहर में निकले ईद मिलादुन्नबी के जलसे में शामिल डीजे की कानफोड़ू आवाज में बजाने और इनकी आवाज तय डेसीबल मानक से बहुत ज्यादा होने पर पुलिस बड़ी कार्रवाई की है। दिन में तो इन्हें पुलिस ने नहीं छेड़ा लेकिन शाम को शहर के तीन थाना क्षेत्रों में 14 डीजे वाहनों के नंबर के आधार पर केस दर्ज किया है। इनमें से कुछ को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया गया है। दूसरी तरफ औद्योगिक क्षेत्र थाने के अंतर्गत दो डीजे वाहनों पर तीन हजार का जुर्माना ठोका।

रास्ते से पकडक़र लाए डीजे वाहन

पुलिस ने जिन डीजे में तेज आवाज बजे उन्हें जुलूस समाप्त होने के बाद ढूंढना शुरू किया। कुछ हाईवे पर निकल गए थे जिन्हें जब्त करके थाने में खड़ा करवाया। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया देर रात तक स्टेशन रोड थाने में छह, माणकचौक में पांच, डीडीनगर में तीन वाहनों पर कोलाहल अधिनियम में केस दर्ज किया है।

Updated on:
26 Aug 2026 09:45 pm
Published on:
26 Aug 2026 09:45 pm