
थाना प्रभारी से चर्चा करते छात्र।
रतलाम.
विरियाखेड़ी स्थित राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह पीजी आदिवासी छात्रावास में गत 22 और 23 अगस्त की दरमियानी रात 1 बजे कुछ अज्ञात बदमाश घुसे और वहां दहशत फैलाने का काम किया। रात में विद्यार्थियों को इसका पता नहीं चला किंतु सुबह इसकी जानकारी लगी। बाद में सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों के कुछ और साथी भी हॉस्टल के बाहर दिखे। दो दिन तक छात्रावास प्रबंधन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार की शाम सात बजे हॉस्टल के छात्र औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंच गए और एफआइआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। थाना प्रभाकी डीएसपी गायत्री सोनी ने उनकी बात सुनी और कहा कि आप लोग चाहे तो अभी एफआइआर करवा ले या फिर आवेदन देकर जांच करवाए जिसे नामजद केस दर्ज किया जा सके। फिलहाल छात्रावास अधीक्षक गोकुल सिंह धारवे की तरफ से थाने पर आवेदन दिया गया है। पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया। दूसरी तरफ विद्यार्थी एफआइआर दर्ज करवाने पर अड़े रहे।
भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी दिनेश माल ने बताया कि घटना के बाद विभाग की तरफ से कोई संज्ञान नहीं लेने पर छात्रों को थाने पर आना पड़ा। करीब दो दर्जन छात्र माल के साथ मंगलवार की शाम को थाने पहुंचे। छात्रों का कहना है कि पांच-छह लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर छात्रावास के अंदर देर रात आए थे। उनके हाथों में हथियार, लाठी और लोहे की रॉड भी थी। इन्होंने हॉस्टल में दहशत फैलाने के लिए यह किया। सीसीटीवी में दिख रहा है कि इनके 15-20 साथी हॉस्टल के गेट के बाहर खड़े हुए थे।
बयानों में विरोधाभास
छात्रों और अधीक्षक के बयानों में विरोधाभास देखने को मिल रहा है। छात्रों का कहना है कि धारदार हथियार लेकर आए थे और दरवाजों पर मार रहे थे। दूसरी तरफ अधीक्षक का कहना है कि कोई तोडफ़ोड़ नहीं हुई। संभवत: दहशत फैलाने के लिए ये लोग आए थे।
देर रात अज्ञात पर केस दर्ज
पीजी हॉस्टल के विद्यार्थियों ने रात में औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उनके साथ अधीक्षक गोकुलसिंह धार्वे भी थे। अधीक्षक धार्वे की तरफ से थाने में अज्ञात की गतिविधियों का आवेदन दिया गया। इसके बाद भी छात्र एफआइआर दर्ज करने पर अड़े रहे। इस पर थाना प्रभारी डीएसपी गायत्री सोनी ने छात्र की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ दहशत फैलाने और अनधिकृत रूप से छात्रावास में प्रवेश का केस दर्ज किया।
विरियाखेड़ी स्थित पीजी हॉस्टल में गत 22 और 23 अगस्त की दरमियानी रात को कुछ अज्ञात बदमाशों की संदिग्ध गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया। वे मंगलवार की शाम को औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने पहुंचे। देर रात विद्यार्थियों की तरफ से अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
Updated on:
26 Aug 2026 11:42 am
Published on:
26 Aug 2026 11:41 am
