
रतलाम। खेतों में बढ़ी सिंचाई तो बिजली की खतप ने पिछले साल का रिकार्ड तोड़ दिया। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में एक अप्रेल से अब तक रतलाम जिले में 134 करोड़ यूनिट बिजली वितरित की जा चुकी है। जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 109 करोड़ यूनिट बिजली की आपूर्ति हुई थी। इस तरह जिले में बिजली वितरण में करीब 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
रबी सीजन किसानों को सिंचाई के लिए लगातार बिजली उपलब्ध कराने के चलते जिले में बिजली वितरण का आंकड़ा भी बढ़ा है। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के अनुसार, कंपनी क्षेत्र में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक 2245 करोड़ यूनिट बिजली वितरित की गई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 1935 करोड़ यूनिट के मुकाबले करीब 15 प्रतिशत अधिक है।
जिले में 25 करोड़ यूनिट अधिक बिजली वितरित
पिछले चार दिनों में बिजली की अधिकतम मांग 8100 से 8300 मेगावाट तक पहुंच गई। इस दौरान एक दिन में सर्वाधिक 13.75 करोड़ यूनिट बिजली की आपूर्ति हुई। पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले इस बार जिले में 25 करोड़ यूनिट अधिक बिजली वितरित की जा चुकी है।
रोजाना करीब 1.06 करोड़ यूनिट बिजली खपत
मालवा-निमाड़ में करीब 14 लाख किसानों को सिंचाई के लिए बिजली दी जा रही है। रबी फसलों की सिंचाई के कारण अगले चार सप्ताह तक प्रतिदिन बिजली खपत 12 करोड़ यूनिट से अधिक रहने की संभावना है। रतलाम जिले में वर्तमान में रोजाना करीब 1.06 करोड़ यूनिट बिजली की खपत हो रही है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा बिजली खपत
जिला दैनिक खपत
रतलाम 1.06 करोड़ यूनिट
इंदौर 2.35 करोड़ यूनिट
धार 1.86 करोड़ यूनिट
उज्जैन 1.67 करोड़ यूनिट
देवास 1.26 करोड़ यूनिट
खरगोन 1.20 करोड़ यूनिट