रतलाम

रतलाम कलेक्टर नाराज: एएनएम निलंबन, निष्क्रिय आशा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर कटेसरिया ने स्वास्थ्य समिति बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान सहित अन्य कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। लापरवाही पर एएनएम के निलंबन के निर्देश
2 min read
Ratlam Collector news
कलेक्टर कटेसरिया ने स्वास्थ्य समिति बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान सहित अन्य कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। लापरवाही पर एएनएम के निलंबन के निर्देश

रतलाम. कलेक्टोरेट में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक के दौरान शहरी क्षेत्र में गर्भवती माताओं के पंजीयन की स्थिति कम और एनीमिया प्रबंधन कमजोर पाए जाने पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने नाराजगी जताई। उन्होंने वार्ड 17 की एएनएम संगीता वसुनिया के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन के निर्देश किए।

कलेक्टर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसमें जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विकासखंडवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान सहित अन्य कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया।

नियमित समीक्षा की जाए
कलेक्टर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही है, वहां संबंधित एएनएम निष्क्रिय आशा कार्यकर्ताओं की नामजद जानकारी प्रस्तुत करें, ताकि नियमानुसार उनकी मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की मैदानी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उनके दायित्वों के निर्वहन की नियमित समीक्षा की जाए।

तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करें
बैठक में कलेक्टर ने संबंधित एएनएम को उन आशा कार्यकर्ताओं की नामजद जानकारी प्रस्तुत करने को कहा, जो राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अपेक्षित रुचि नहीं ले रही हैं, ताकि उनकी मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जा सके। कलेक्टर कटेसरिया ने निर्माणाधीन व पूर्ण स्वास्थ्य संस्थानों के भवनों की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन भवनों का हैंडओवर हो चुका है, उनमें आवश्यक व्यवस्थाएं कर तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जाएं।

बाधा डाले तो करें नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश
ग्राम खजूरी देवड़ा के स्वास्थ्य भवन के हैंडओवर में सरपंच द्वारा बाधा उत्पन्न करने की जानकारी पर कलेक्टर ने तत्काल हैंडओवर लेने और बाधा डालने पर सरपंच के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश किए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजना के पुराने भवन में नया मेटरनिटी विंग बनाने के भी निर्देश दिए।

ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक में सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, सीएमएचओ डॉ. किरण वाडिवा, डीन मेडिकल कॉलेज डॉ. अनिता मुथा, महिला बाल विकास विभाग सुभाष जैन, सिविल सर्जन डॉ. एपीसिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Updated on:
08 Sept 2026 10:00 pm
Published on:
08 Sept 2026 09:53 pm