रतलाम

रतलाम में पुलिस को मिली एनडीपीएस जब्त करने में बड़ी सफलता

छोटे तस्करों से आगे बढ़कर सप्लायर, नेटवर्क और ड्रग्स निर्माण तक पहुंची रतलाम पुलिस। सप्लाई की कड़ी से लेकर ड्रग्स निर्माण और बड़े नेटवर्क तक पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
2 min read
Sep 11, 2026
MP police drugs raid, Nana Patwari drugs case
ड्रग्स निर्माण तक पहुंची रतलाम पुलिस।

रतलाम। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई अब केवल छोटे तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रही है। सप्लाई की कड़ी से लेकर ड्रग्स निर्माण और बड़े नेटवर्क तक पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सितंबर 2024 से अब तक की कार्रवाई में रतलाम पुलिस ने 224 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 617 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान अफीम, डोडाचूरा, ब्राउन शुगर, एमडी ड्रग्स और गांजा सहित बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 24 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार सबसे बड़ी बरामदगी एमडी ड्रग्स की रही। करीब 23 किलो 43 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 22 करोड़ 56 लाख 1 हजार 215 रुपए है। इसके अलावा 18 किलो 954 ग्राम अफीम, 6950 किलो 583 ग्राम डोडाचूरा, 218 ग्राम ब्राउन शुगर और 99 किलो 195 ग्राम गांजा भी जब्त किया गया। जिले में नशे की सप्लाई चेन को जड़ से कमजोर करने के लिए अब तस्करों के साथ-साथ उनके स्रोत, सप्लायर और निर्माण नेटवर्क पर भी सीधा प्रहार किया जा रहा है।

प्रभावी कार्रवाई कालूखेड़ा में

नशे के नेटवर्क पर पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई कालूखेड़ा थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां 10 किलो 930 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद कर 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 10.93 करोड़ रुपए बताई गई है।

फैक्ट्री तक पहुंची पुलिस की जांच

पिपलौदा थाना क्षेत्र में एमडी ड्रग्स निर्माण से जुड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। यहां 140 किलो एमडीसी, 35 किलो एचसीएल और 900 ग्राम 2-ब्रोमो केमिकल सहित निर्माण सामग्री बरामद हुई।

आलोट थाना क्षेत्र में एमडी ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाला 110 किलो 140 ग्राम 2-ब्रोमो-4-मिथाइलप्रोपियोफेनोन केमिकल जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 8 लाख 26 हजार 50 रुपए बताई गई है।

ताल थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने 3 किलो 5 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 5 हजार रुपए बताई गई है।

प्रभावी प्रहार करना

पुलिस का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क, उसके आर्थिक स्रोत एवं अवैध संपत्ति पर प्रभावी प्रहार करना है। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं निर्माण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

- अमित कुमार, एसपी, रतलाम

Updated on:
11 Sept 2026 10:02 pm
Published on:
11 Sept 2026 10:00 pm