रतलाम

राखी से पहले खाद्य विभाग की ताबड़तोड़़ कार्रवाई

राखी का त्योहार बिलकुल नजदीक है और आम जनता को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिले इसके लिए पिछले दिनों से लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहा है। अब तक कई जगह से खाद्य पदार्थों के नमूने ही नहीं लिए वरन सामग्री भी जब्त की है। यह कार्रवाई जिलेभर में चल रही है।
2 min read
Aug 26, 2026
ratlam news
कार्रवाई करते अधिकारी

रतलाम. आगामी त्यौहारों के मद्देनजर जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग एवं प्रशासन द्वारा मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार आकस्मिक निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई करते हुए वस्तुएं भी जब्त की जा रही है। रतलाम, बाजना, आलोट एवं जावरा में संयुक्त एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने कार्रवाई की। कई प्रतिष्ठानों में बनाने वाली जगह पर साफ-सफाई नहीं मिलने से संचालकों को चेतावनी भी दी गई।

खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जाँच अभियान शुरू किया है खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश कुमार गुप्ता ने अभियान के तहत फर्म जलाराम स्वीट्स से गुजिया, रतलामी नमकीन नमकीन मिक्सर के नमूने, जेएमडी स्वीट्स से रतलामी नमकीन, मावा कटलस के नमूने, फर्म आनंद दूध अमित टाक से मावा के दो नमूने, एवं त्रिमूर्ति स्वीट्स से ड्रायफ्रूट्स लड्डू एवं बेसन लड्डू के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार रामचंद्र पांडे नायब सहायक आपूर्ति अधिकारी मुकेश चौहान साथ रहे। नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा प्रयोगशाला से प्राप्त जाँच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी ।

जावरा में 40 किलो मावा जब्त, पांच लिए

जावरा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल द्वारा काटजू नगर स्थित शिवरंजनी रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। यहां मावा, गुलाब जामुन एवं दूध के नमूने मानक स्तर की जांच के लिए लिए गए। मिलावट की आशंका के आधार पर मौके से 40 किलो मावा जप्त कर संबंधित व्यक्ति की अभिरक्षा में दिया गया। प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश देने के साथ खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट, पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट एवं पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार पिपली बाजार स्थित अरोड़ा मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर केसर बर्फी एवं सेव के नमूने लिए गए। जावरा में लिए गए कुल पांच खाद्य नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।

बाजना में तीन प्रतिष्ठानों से लिए नमूने

बाजना में प्रशासनिक दल ने मिठाई दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया ने कर्नाटक चौराहा स्थित कामतानाथ रेस्टोरेंट से मावा बर्फी, मोरवी स्वीट्स एंड बेकरी से उत्सव सोन पपड़ी तथा जैन स्वीट्स, राजपूत मोहल्ला से मिल्क केक एवं सेव के नमूने लिए। दुकानदारों को प्रतिष्ठान में स्वच्छता बनाए रखने तथा उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का ही निर्माण एवं विक्रय करने के निर्देश दिए गए।

आलोट में मिठाई के नमूने, घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

आलोट में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा ने मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया। कारगिल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स से घी, मिठाई, घेवर, सोन पपड़ी एवं रसगुल्ला तथा संजय चौक स्थित श्री बीकानेर मिष्ठान भंडार से मिठाई, पेड़े, सोन पपड़ी एवं रसगुल्ला के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान श्री बीकानेर मिष्ठान भंडार से घरेलू गैस सिलेंडर भी जप्त किया गया।

Updated on:
26 Aug 2026 10:19 pm
Published on:
26 Aug 2026 10:11 pm