रतलाम

रतलाम को मिला सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ, 13.09 करोड़ स्वीकृत

शहर के खिलाडिय़ों को अच्छी सौगात मिलने जा रही है। खेल एवं युवक कल्याण विभाग ने डेढ़ साल पुरानी सीएम की घोषणा के अनुसार सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ के लिए राशि स्वीकृत कर दी है।
2 min read
• •
Oct 08, 2026
ratlam news
प्रस्तावित सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ का नक्शा।

रतलाम. रतलाम के हॉकी खिलाडिय़ों के लिए अच्छी खबर है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने मंत्री व शहर विधायक चेतन्यकाश्यप के प्रयासों से रतलाम के बंजली में सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ निर्माण के लिए 13.09 करोड़ की स्वीकृति दे दी है। इसमें 12.89 करोड़ निर्माण कार्य एवं 0.20 करोड़ निर्माण पश्चात् संचालन एवं संधारण के लिए स्वीकृत किए गए हैं। सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ बननेन से रतलाम के हॉकी खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल मैदान की न केवल सुविधा होगी वरन उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलेगा।

लगातार कर रहे थे प्रयास

मंत्री काश्यप सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ के लिए लगातार प्रयासरत रहे है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम के पोलो ग्राउंड में पिछले साल 27 जून को एक कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा की थी। हॉकी एस्ट्रोटर्फ के लिए बंजली में भूमि का चयन एवं आवंटन पूर्व में हो चुका है। प्रशासन ने 2.566 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को आवंटित कर दी है।

सभी सुविधाएं रहेंगी यहां पर

सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ के साथ पॅवेलियन भी बनेगा। एस्ट्रोटर्फ के आसपास बाउंड्रीवॉल के अलावा अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं का विकास भी होगा। इसके तहत विद्युत लाईन, टेलीफोन लाइन, ट्रांसफार्मर, सडक़ आदि के कार्य भी किए जाएंगे।

खिलाडिय़ों के लिए बड़ी सौगात

खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा स्टेडियम खेल अधोसंरचना मद में राशि स्वीकृति के बाद हॉकी एस्ट्रोटर्फ का निर्माण जल्द होगा। इससे खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उच्च स्तरीय सुविधा मिलेगी। कैबिनेट मंत्री काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव और खेल मंत्री विश्वास सारंग ने हॉकी एस्ट्रोटर्फ की राशि स्वीकृत कर खिलाडिय़ों के लिए सौगात दी है।

सामने आएंगी प्रतिभाएं

सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रो टर्फ का निर्माण होने से यहां राज्य और राष्ट्रीयस्तर की प्रतियोगिता कराई जाना संभव हो सकेगा। सबसे बड़ा फायदा रतलाम के खिलाडिय़ों को मिलेगा जो अब तक मैदानों में प्रैक्टिस करते और खेलते रहे हैं उन्हें इस सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर खेलने का मौका मिलेगा। उनके खेल की गुणवत्ता में भी सुधार होगा और वे राष्ट्रीयस्तर पर खेलों में प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।

Updated on:
08 Oct 2026 10:23 pm
Published on:
08 Oct 2026 10:23 pm