रतलाम

Ratlam Sting Operation: तीन दिन बाद जागा आबकारी विभाग, तब तक ताड़ी बन गई छाछ!

Sting Operation : रावटी में स्टिंग ऑपरेशन के दौरान नाबालिग लड़की ताड़ी बेचने की बात कहती नजर आई, लेकिन तीन दिन बाद जांच करने पहुंचे आबकारी अधिकारियों को घर में छाछ मिलने का दावा किया गया। इस कार्रवाई में देरी और नशे के अवैध कारोबार पर विभागीय निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 8:52 PM IST
Sting Operation
स्टिंग ऑपरेशन के 3 दिन बाद पहुंची आबकारी टीम (फोटो सोर्स: Patrika)

Ratlam News :मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में पत्रिका के स्टिंग ऑपरेशन के बाद अवैध शराब की बिक्री का मामला पूरे जिले में सुर्खियों में रहा, लेकिन इसके बावजूद आबकारी विभाग की नींद नहीं टूटी। इसका नतीजा ये हुआ कि, तीन दिन बाद जब आबकारी विभाग का अमला जांच करने के लिए मौके पर पहुंचा तो पत्रिका के कैमरे में कैद होने वाली ताड़ी छाछ बन चुकी थी। आबकारी विभाग के उप निरीक्षक का कहना है कि, घर में छाछ मिली है, जबकि तीन दिन पहले किए गए पत्रिका के स्टिंग में लड़की साफ तौर पर ताड़ी बता रही थी।

पत्रिका द्वारा किए गए स्टिंग के तीन दिन बाद मामले की जांच करने पहुंची आबकारी टीम के उपनिरीक्षक का कहना है कि, खबर सामे आने के बाद आज इस मामले में मौके पर पहुंचकर जांच की गई है। यहां पड़ताल में सामने आया कि, पन्नी में दी जाने वाली चीज छाछ है। उन्होंने कहा कि, इस मामले में हम लगातार जांच कर रहे हैं। आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई जाएगी।

आबकारी विभाग की पड़ताल पर सवाल

ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि, पत्रिका द्वारा स्टिंग किए जाने के बाद जब अन्य मीडिया संस्थानों ने भी इस मामले पर खबरें चलाईं और मामले को लेकर जिलेभर में हड़कंप मचा रहा तो तीन दिन तक आबकारी विभाग ने इसपर एक्शन क्यों नहीं लिया? गौर करने वाली बात ये भी है कि, पत्रिका के स्टिंग में ताड़ी बेचने वाली युवती उसकी कीमत बताती नजर आ रही है। साथ ही, ये भी स्पष्ट कर रही है कि, बेची जाने वाली चीज ताड़ी है, फिर भी उसे जांच का आधार क्यों नहीं माना गया? इसकी जांच होना जरूरी क्यों नहीं समझा गया। जबकि नशे के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकार लगातार सख्ती बरतने की बात कह रही है।

पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल

आपको बता दें कि, बीते शनिवार को जिले के रावटी में ताड़ी के नाम पर शराब की अवैध बिक्री को लेकर पत्रिका द्वारा स्टिंग ऑपरेशन किया गया था। चौंकाने वाली बात ये है कि, यहां भी नशे की सौदागरी के काम नाबालिग सड़की को शामिल किया गया था। ये कोई पहला मामला नहीं था। इससे पहले जिले के ही मंडलीय घाटे में शासकीय स्कूल के पास गांजे की खुलेआम बिक्री का स्टिंग भी पत्रिका कर चुका है। दोनों मामलों में नाबालिगों की संलिप्तता ने नशे के कारोबार के साथ पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

नाम ताड़ी का, कारोबार अवैध शराब का

पत्रिका द्वरा रावटी के आदिवासी अंचल में पड़ताल करने पर सामने आया था कि, यहां ताड़ी के नाम पर अवैध शराब की बिक्री चल रही थी। यहां नाबालिग के माध्यम से शराब बेची जा रही थी। इस पूरे घटनाक्रम का स्टिंग वीडियो पत्रिका संवाददाता की टीम ने खुद अपने कैमरे में कैद किया था। ऐसे में जरा सोचिये कि, जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उस उम्र में उन्हें नशे के कारोबार में इस्तेमाल किया जा रहा है। ये सिर्फ अवैध शराब की बिक्री का मामला नहीं, बल्कि नाबालिगों के भविष्य से खिलवाड़ का भी गंभीर विषय है। फिलहाल, देखना दिलचस्प होगा कि आबकारी विभाग और पुलिस इस मामले को आगे कितनी गंभीरता से लेता है।

Updated on:
23 Nov 2026, 8:52 PM IST
Published on: