
Ratlam News :मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रतलाम पुलिस ने रावटी थाना इलाके में गांजे की खेती का भांडाफोड़ किया है। ग्राम सांगला का माल में एक निजी खेत पर कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे। पुलिस ने दबिश देकर मौके से गांजे के 9 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 12.800 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को ग्राम सांगला का माल क्षेत्र में अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पंद्रो और ग्रामीण विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के नेतृत्व में थाना रावटी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीमों ने ग्राम सांगला का माल के खेरियारुंडी कला क्षेत्र में पहाड़ी किनारे स्थित खेतों और आसपास के इलाके में सर्चिंग की। इस दौरान एक निजी खेत में कपास की फसल के बीच गांजे के हरे पौधे लगे मिले। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी 9 पौधे उखड़वाकर जब्त कर लिए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गांजे की खेती रंगीलीबाई पति जय सिंह भाभर के निजी खेत में की जा रही थी। पुलिस अब भूमि मालिक से पूछताछ और जांच के माध्यम से अवैध खेती करने वाले व्यक्तियों तथा इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदार व्यक्तियों को प्रकरण में आरोपी बनाया जाएगा। पुलिस गांजे की खेती के पीछे सक्रिय अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।
रतलाम पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के साथ अवैध खेती के विरुद्ध भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में एसडीओपी सैलाना आईपीएस लेखराज मीणा, थाना प्रभारी रावटी निरीक्षक मनीष डावर, उपनिरीक्षक खान, सहायक उपनिरीक्षक पार सिंह वसुनिया, दिनेश मावी, प्रधान आरक्षक आतिश धानक, महेश वाघेला, राजेश बख्शी, नंदकिशोर मालवीय, महिला प्रधान आरक्षक अर्चना बाथरी, सीमा दायमा, आरक्षक अवधेश सिंह परमार, बहादुर डांगी, राकेश निनामा सहित थाना रावटी के पुलिसकर्मियों और साइबर टीम की भूमिका रही।