
रतलाम. दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले वाहनों पर आए दिन होने वाली पत्थरबाजी को रोकने के लिए पुलिस ने जनसंवाद शुरू किया है। एटलेन के आसपास के गांवों के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को थाने पर बुलाकर उनसे संवाद किया और उन्हें पत्थरबाजी, शराबखोरी और उपद्रवी गतिविधियों को अंजाम देने वालों को रोकने और उनकी सूचना पुलिस को देने के लिए तैयार किया है। पुलिस अब इस तरह के संवाद लगातार करेगी जिससे ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इस संवाद में ग्रामीणों ने भी इस पर सहमति जताई है।
एसपी अमित कुमार ने बताया रावटी थाने के गांव मौलावा में ग्रामीणों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ जनसंवाद किया गया। यह संवाद डीएसपी व रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गडरिया ने पंचायत भवन में किया। इसमें मौलावा सरपंच नरेंद्र गरवाल, देवपाड़ा सरपंच बद्रीलाल वसुनिया सहित गांव के पटेल, वरिष्ठ नागरिक, एक्सप्रेस-वे के आसपास रहने वाले दुकानदार एवं मकान मालिक शामिल रहे।
इसलिए किया संवाद
बैठक का मुख्य उद्देश्य एक्सप्रेस-वे के आसपास होने वाली संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक समय पर पहुंचाना तथा ग्रामीणों के सहयोग से पत्थरबाजी जैसी घटनाओं की प्रभावी रोकथाम करना था। पुलिस ने ग्रामीणों से यह भी कहा कि वे अपने गांव एवं आसपास के बच्चों तथा युवाओं को समझाएं कि एक्सप्रेस-वे पर पत्थर फेंकना, वाहनों को निशाना बनाना अथवा सडक़ पर किसी भी प्रकार का उपद्रव करना अत्यंत गंभीर, एवं खतरनाक एवं अपराधिक कृत्य है, जिससे वाहन में सवार लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
पत्थरबाजों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले वाहनों पर पथराव करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसा करते हुए कोई पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पेट्रोलिंग भी कर रही पुलिस
रतलाम पुलिस ने एक्सप्रेस-वे पर लगातार हो रही वारदातों के बाद पेट्रोलिंग की व्यवस्था शुरू कर दी है। एटलेन की पेट्रोलिंग टीम से इतर पुलिस अपनी तरफ से भी पेट्रोलिंग कर रही है जिससे ऐसी वारदातें रुकें।
चार दिन में तीन घटनाएं
एटलेन एक्सप्रेस वे पर 19 से 23 सितंबर के बीच वाहनों पर पत्थरबाजी की तीन वारदातें सामने आने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस ने एक्सप्रेस वे पर पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी है। इसरथुनी क्षेत्र में हुई पत्थरबाजी मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना रतलाम की पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि ये नाबालिग निकले। इनके साथियों की तलाश की जा रही है।