
रतलाम। सुंदर मामा… माई डियर जीजाजी को नहीं, आज का चुना लगा प्रहलाद भाई पटेल को! तारक मेहता का उल्टा चश्मा के मशहूर किरदार सुंदर मामा के इस अंदाज पर कालिका माता मेले का सांस्कृतिक मंच ठहाकों और तालियों से गूंज उठा। पांचवें दिन गुरुवार को मयूर वकानी (सुंदर) और कुश शाह (गोली) की सेलिब्रिटी नाइट में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रोता देर तक मनोरंजन में डूबे रहे।
नगर निगम के सांस्कृतिक मंच पर दोनों कलाकारों के पहुंचते ही प्रशंसकों में उनके साथ फोटो खिंचवाने की होड़ लग गई। बच्चों से लेकर बड़ों तक में लोकप्रिय इन कलाकारों ने अपने चिर-परिचित अंदाज से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
वहीं प्यार मिला…मैं चौथी बार रतलाम आया हूं…
सुंदर मामा ने रतलाम से अपने 18 साल पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि वे चौथी बार शहर आए हैं। उन्होंने आई लव यू रतलाम कहकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया और महापौर प्रहलाद पटेल पर चुटीले संवादों के जरिए खूब हास्य बिखेरा।
बबीता का नाम किसने लिया…
जेठालाल और बबीता के किरदारों का जिक्र कर सुंदर मामा ने दर्शकों से संवाद किया तो हंसी के फव्वारे छूट पड़े। इससे पहले कलाकारों ने कार्टून और फिल्मी कलाकारों की आवाज की नकल कर खूब गुदगुदाया। गायिका वंदना ने पिया तू अब तो आजा, दम मारो दम और लैला मैं लैला जैसे गीतों की प्रस्तुतियों से माहौल संगीतमय कर दिया।
इन्होंने किया कलाकारों का सम्मान
कार्यक्रम में महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, निगम आयुक्त अनिल भाना, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया और सामान्य प्रशासन समिति प्रभारी धर्मेंद्र व्यास ने अतिथियों का स्वागत किया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और शहरवासी मौजूद रहे।
मेले में आज अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन
नगर निगम की ओर से कालिका माता नवरात्र मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में मेले के छटे दिन 16 अक्टूबर को निगम के सांस्कृतिक मंच पर अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर गौरव चौहान इटावा, कमलेश राजहंस अनपरा, लटूरी ल_ टूंडला, जॉनी बैरागी धार, सुनील व्यास मुम्बई, रजनी अवनी दिल्ली, अर्जुन अल्हड़ कोटा, मुन्ना बैटरी मंदसौर व धमचक मुल्थानी रतलाम कविता पाठ करेंगे। महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, निगम आयुक्त अनिल भाना, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, सामान्य प्रशासन समिति प्रभारी धर्मेन्द्र व्यास ने श्रोताओं से आयोजन को शामिल होकर सफल बनाने का आग्रह किया हैैं।