
रतलाम। कृषि उपज मंडी में प्याज आदि के कट्टों की चोरी की घटनाओं और हम्मालों पर माल की भरपाई की जिम्मेदारी डालने को लेकर युवा एकता हम्माल श्रमिक यूनियन ने मंडी प्रशासन के सामने आपत्ति दर्ज कराई है। यूनियन ने चेतावनी देते हुए कहा कि रतलाम मंडी में चोरी रोकने की जिम्मेदारी हम्मालों पर न डालें, सुरक्षा की जवाबदेही मंडी प्रशासन की हैं।
यूनियन ने पुलिस गश्त और सीसीटीवी दुरुस्त कराने की मांग करते हुए चोरी की घटनाओं को लेकर मंडी सचिव केके नरगावे को सौंपे मांग पत्र में स्पष्ट कहा कि हम्मालों और जमादारों की जिम्मेदारी उनके निर्धारित कार्य तक ही सीमित रखी जाए। बिना जांच और प्रमाण के चोरी हुए माल की भरपाई का भार उन पर नहीं डाला जाए।
सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था भी की जाए
यूनियन ने मांग की कि मंडी परिसर में दिन और रात दोनों समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए। मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उन्हें चालू हालत में रखा जाए, ताकि चोरी करने वालों की पहचान हो सके। साथ ही सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था भी की जाए। काम समाप्त होने के बाद परिसर में रखे माल की सुरक्षा की जिम्मेदारी मंडी प्रशासन की हो। हम्मालों को धमकी, मारपीट या जान-माल का खतरा होने पर तत्काल सुरक्षा और पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए।
काम प्रभावित होने की जिम्मेदारी प्रशासन की
यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगों का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। ऐसी स्थिति में मंडी का काम प्रभावित होने की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। यूनियन ने कहा कि वह व्यापारियों के विरोध में नहीं, बल्कि हम्मालों के सम्मान और सुरक्षा के लिए आवाज उठा रही है। इस मौके पर अध्यक्ष मुबारिक खां, सचिव सेफुल्लाह शाह, संरक्षक सुरेंद्रसिंह भाटी, राजेंद्र परमार, शाहीद, सतीश वर्मा, अल्लाह रखा, गुलाम हुसैन आदि बड़ी संख्या यूनियन के सदस्य मौजूद थे।