रतलाम

Ratlam News: ‘भागती हुई दादा के पास आई बच्ची’, लोग पहुंचे फिर भी नहीं रुका असगर, डेडबॉडी के पास खड़ा रहा

Wife Murder: मोबाइल कारोबारी ने बेरहमी से की पत्नी की हत्या, लोग पहुंचे तो चिल्लाकर भगाया, पुलिस के पहुंचने तक डेडबॉडी के पास खड़ा रहा।
2 min read
Aug 02, 2026
ratlam
wife murder asgar ali killed wife rukaiya arrested, रोते हुए परिजन और इंसर्ट में असगर व पत्नी रुकैया (SOURCE- PATRIKA)

Ratlam Wife Murder: मध्यप्रदेश के रतलाम में रविवार को सुनारों की बावड़ी इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक मोबाइल कारोबारी ने घर में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। चीख पुकार सुनकर और बच्ची के बताने पर जब आरोपी के पिता के साथ लोग कमरे में पहुंचे तो आरोपी पत्नी पर चाकू से हमले कर रहा था। लोगों को देखते ही आरोपी ने चिल्लाकर उन्हें भगा दिया और पत्नी पर वार करता रहा। सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तब भी आरोपी डेडबॉडी के पास ही था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

चाकू से पत्नी की हत्या

सुनारों की बावड़ी में रहने वाले 35 वर्षीय असगर अली ने रविवार दोपहर में अपनी 33 वर्षीय पत्नी रुकैया की घर में चाकू से बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के वक्त दंपती के दोनों बच्चे 7 साल की बेटी और 2 साल का बेटा भी घर में मौजूद थे और पिता घर के निचले हिस्से में बनी दुकान पर और मां बाहर गई हुई थीं। बच्ची ही दुकान पर बैठे दादा के पास भागती हुई पहुंची और घटना के बारे में बताया।

देखें वीडियो-

लोगों को देखकर चिल्लाया आरोपी

असपड़ोस में रहने वाले लोगों ने बताया कि चिल्लाने की आवाज आ रही थी और जब बच्ची ने दुकान पर आकर घटना के बारे में बताया तो हम लोग असगर के पिता के साथ ऊपर के कमरे में पहुंचे। वहां असगर पत्नी पर चाकू से वार कर रहा था। लोगों को आता देख असगर जोर से चिल्लाया जिसे देखकर हम सभी डर गए और वापस नीचे आ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

डेडबॉडी के पास खड़ा रहा आरोपी पति

घटना की सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी पति असगर पत्नी की डेडबॉडी के पास ही मौजूद था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने पत्नी की हत्या क्यों की फिलहाल इसके बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है। घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम से भी घटनास्थल की जांच कराई है।

Updated on:
02 Aug 2026 05:13 pm
Published on:
02 Aug 2026 04:22 pm