रतलाम

एमपी के मंत्री पर बिफराई महिलाएं, जोरदार नारेबाजी करते हुए उनकी तस्वीरों को आग लगाई

Ratlam News - मध्यप्रदेश के एक मंत्री का रतलाम में विरोध हो रहा है। महिलाओं ने उनकी तस्वीरें जलाकर अपना गुस्सा उतारा।
less than 1 minute read
Aug 13, 2025
Women set fire to Minister Vijay Shah's photos
Women set fire to Minister Vijay Shah's photos

Ratlam News - मध्यप्रदेश के एक मंत्री का रतलाम में विरोध हो रहा है। महिलाओं ने उनकी तस्वीरें जलाकर अपना गुस्सा उतारा। प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के खिलाफ य​​​​​​ह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक बयान देने वाले मंत्री शाह को 15 अगस्त को रतलाम में ध्वजारोहण करने का दायित्व दिया गया है। महिलाओं ने इसका विरोध करते हुए बुधवार को शहीद चौक पर खूब नारेबाजी की। महिला कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह की तस्वीरों को आग के हवाले कर दिया। उन्हें किसी भी हाल में झंडावंदन नहीं करने देने की चेतावनी भी दी।

प्रदेश के मंत्री विजय शाह का विरोध अभी थमा नहीं है। राज्य सरकार की ओर से उन्हें रतलाम में झंडा फहराने का दायित्व दिया गया है लेकिन इसका विरोध हो रहा है। महिला कांग्रेस ने शहीद चौक पर प्रदर्शन करते हुए इस फैसले की खिलाफत की। प्रदर्शन में कई महिलाएं आ जुटीं और मंत्री के विरोध में नारे लगाए।

महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने विरोधस्वरूप सिर पर काली पट्टी बांधी। उन्होंने आकाश में काले गुब्बारे भी छोड़े। महिलाओं का कहना है कि 15 अगस्त का दिन शहीदों की याद का दिन है, मजाक उड़ाने वालों का नहीं।

मंत्री शाह की बजाए कलेक्टर से झंडावंदन कराया जाए

मंत्री विजय शाह द्वारा ध्वजारोहण का विरोध करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव यास्मीन शेरानी ने कहा कि राष्ट्रीय त्योहार पर मंत्री शाह की बजाए कलेक्टर से झंडावंदन कराया जाए। जिसने देश की बेटी का अपमान किया है उसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर ने चेताया कि मंत्री विजय शाह को शहर में घुसने नहीं दिया जाएगा।

Published on:
13 Aug 2025 08:07 pm