
Bhaidooj 2026 : 5 दिन का दीपोत्सव अब अंतिम चरण पर है। तिथि भेद के कारण इस बार यह 6 दिवसीय रहा जिसका बुधवार को भाईदूज के साथ ही समापन होगा। आज कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि है। इसे यम द्वितीया, भाईदूज, भ्रातृ द्वितीया, चन्द्रदर्शन मुहूर्त, श्रीविश्वकर्मा पूजा, चित्रगुप्त पूजा, लेखन्यादि पूजा आदि के रूप में मनाया जाता है। इस दिन कायस्थ समाज द्वारा यम द्वितीया पर्व मनाया जा रहा है जोकि समाज के लिए विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है। भाई बहन के स्नेह पर्व भाई दूज के लिए आज सुबह से ही उत्साह देखा जा रहा है। अनुकूल समय में भाई दूज का तिलक करने के लिए सुबह से शाम तक शुभ मुहूर्त है। मध्यान्ह का मुहूर्त विशेष लाभदायक हो सकता है।
पंचांग भेद के कारण भाई दूज का त्योहार भी दो दिन पडा। दूज मंगलवार को भी मनाया गया। हालांकि अधिकांश धर्माचार्यों ने शास्त्र के अनुसार भाईदूज 11 नवंबर को ही मनाना उचित बताया।
पंडित नरेंद्र नागर बताते हैं कि द्वितीया तिथि 10 नवंबर मंगलवार को मध्यान्ह 2 बजे शुरू हुई और 11 नवंबर, बुधवार को अपरान्ह 3.53 मिनट तक रहेगी। शास्त्रोक्त उदया तिथि के अनुसार भाई दूज 11 नवंबर को मनाना फलदायी बताया जा रहा है।
भाई दूज पर बहनें अपने भाई को तिलक लगाएंगी। इसके लिए बुधवार को मध्यान्ह 1.13 बजे से 3.23 बजे तक का समय विशेष शुभ बताया गया है।
प्रात: 06.38 मि. से 09.23 मि. तक क्रमश: लाभ व अमृत के चौघडिय़ा रहेंगे एवं दोप. 02.53 मि. से सांय: 05.38 मि. तक क्रमश: चंचल व लाभ के चौघडिय़ा रहेंगे।
मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त मनुष्य के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं, इसलिए इस दिन उनके साथ कलम और दवात का पूजन किया जाता है। प्रमुख मंदिरों में चित्रगुप्त पूजा के सामूहिक पूजा-अर्चना के आयोजन होंगे। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को अभिमंत्रित कलम प्रसाद स्वरूप वितरित की जाएगी। कायस्थ समाज में इस कलम को पूरे साल संभालकर रखने और उससे बही-खाता और महत्वपूर्ण हिसाब-किताब रखने की परंपरा है।
देशभर में कायस्थ समाज संगठनों के तत्वावधान में भाई दूज, यम द्वितीया महोत्सव मनाया जाएगा। चित्रगुप्त मंदिरों में सामूहिक पूजा होगी। हवन, कथा, धार्मिक अनुष्ठान और आरती के साथ कलम भेंट की जाएगी।