
Bhaidooj 2026 : 5 दिन का दीपोत्सव इस बार 6 दिनों का हो गया है। तिथि भेद के कारण यह स्थिति निर्मित हुई है। धनतेरस, रूप चौदस और दिवाली के बाद अब गोवर्धन पूजा, अन्नकूट व भाई दूज जैसे त्योहार हैं। पंचांग भेद के कारण ये त्योहार भी दो दिन पड रहे हैं। जहां गोवर्धन पूजा व अन्नकूट, सोमवार और मंगलवार को मनाए जा रहे हैं वहीं भाई बहन के स्नेह का पर्व भाई दूज भी मंगलवार तथा बुधवार को मनाने की बात कही जा रही है। हालांकि अधिकांश धर्माचार्यों का कहना है कि शास्त्र के अनुसार भाईदूज 11 नवंबर को ही मनाना उचित होगा।
गोवर्धन पूजा
पड़वा होने के कारण कई लोग दिवाली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा का आयोजन कर रहे हैं, हालांकि ज्यादातर स्थानों पर सामूहिक कार्यक्रम अगले दिन ही होंगे। इस मौके पर आंगन में लोग गोबर से गोवर्धन की आकृति बनाकर पूजा अर्चना करते हैं। मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जाता है। भगवान को छप्पन व्यंजनों का भोग अर्पित कर इसका प्रसाद के रूप वितरण किया जाता है। अनेक स्थानों पर सामूहिक पूजा अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। अधिकांश जगहों पर गोवर्धन पूजा और अन्नकूट उत्सव 10 नवंबर यानि मंगलवार को मनाएंगे।
कार्तिक शुक्ल द्वितीय के दिन भाई बहन के स्नेह का पर्व भाईदूज मनाया जाता है। इस मौके पर बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर सुख समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। कायस्थ समाज की ओर से इस दिन यम द्वितीया पर्व मनाया जाता है। इस मौके पर भगवान चित्रगुप्त, कलम दवात की पूजा होगी। धर्माचार्य बताते हैं कि 11 नवंबर बुधवार को भाई दूज मनाना उत्तम रहेगा।
दरअसल इस बार कार्तिक शुक्ल की द्वितीया तिथि दो दिन होने से भाई दूज की सही तारीख पर भ्रम उत्पन्न हो गया है।
पंचांग के अनुसार द्वितीया तिथि 10 नवंबर मंगलवार को मध्यान्ह 2 बजे शुरू होगी और 11 नवंबर, बुधवार को अपरान्ह 3.53 मिनट तक रहेगी। धर्माचार्य नरेंद्र नागर के अनुसार ऐसी स्थिति में शास्त्रोक्त उदया तिथि के अनुसार भाई दूज 11 नवंबर को मनाना चाहिए। इससे फलदायी बताया जा रहा है।
11 नवंबर को भाई दूज पर बहनें अपने भाई को तिलक लगाएंगी। इसके लिए मध्यान्ह 1.13 बजे से 3.23 बजे तक विशेष शुभ मुहूर्त रहेगा।