
Rewa News :मध्य प्रदेश के रीवा जिले में जमीनी विवाद के चलते आरोपी द्वारा अपने ही परिवार के सदस्यों पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करने की कोशिश का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होने लगा है। सामने आए वीडियो में आरोपी दहशत फैलाते हुए नजर आ रहा है। पीड़ित परिवार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ये हैरान कर देने वाली घटना जिले के चाकघाट थाने के मांगी गांव की है, जहा रहने वाले हरिपूजन मिश्रा का जमीन का झगड़ा गांव के ही रमाशंकर शुक्ल समेत अन्य लोगों से चल रहा है। जमीन के झगड़े में आरोपी रमाशंकर शुक्ल, पुष्पेंद्र शुक्ला, विनय शुक्ला ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और उनकी जमीन को नुकसान पहुंचाना शुरु कर दिया।
आरोपियों ने खेत को पहुंचाया नुकसान
बताया जा रहा है कि, आरोपियों ने खेत की मेढ़ पर लगे कंक्रीट के खंभे भी तोड़ दिए। इस दौरान जब पीड़ित परिवार ने उनका विरोध करने पहुंचा तो ट्रेक्टर चला रहे आरोपी ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की भी कोशिश की। बार-बार आरोपी ट्रेक्टर पीछे कर उन पर चढ़ाने की कोशिश करता रहा। पीड़ित परिवार उसे रोकने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आरोपी उन्हें कुचलने के प्रयास में लगा रहा।
घटना का वीडियो सोशल नेटवर्किंग साइट पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह ट्रैक्टर के सामने के दोनों पहिए उठाकर उन्हें कुचलने का प्यास करता नजर आ रहा है। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दी है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बीते लंबे समय से जमीन को लेकर झगड़ा चला आ रहा है, जिसे लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद की स्थिति बन चुकी है। पुलिस ने फिलहाल दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत देते हुए ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास करने वाले आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।