
Rewa BJP MLA Divyaraj Singh Protest: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में शुक्रवार को जवा कस्बे में तिरंगा यात्रा के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं और स्थानीय लोगों की शिकायतों को लेकर बीजेपी विधायक दिव्यराज सिंह नाराज हो गए। नाराज विधायक ने अफसरों से सवाल किए तो अफसर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। अफसरों से जवाब न मिलने पर विधायक दिव्यराज सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए। विधायक के धरने पर बैठने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया और अफसर उन्हें मनाने की कोशिश करते नजर आए।
बताया गया कि विधायक दिव्यराज सिंह तिरंगा यात्रा के लिए जवा कस्बे पहुंचे थे, इस दौरान कस्बे में विभिन्न स्थानों पर अव्यवस्थाएं नजर आईं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याओं और शिकायतों से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने अधिकारियों से मौके की स्थिति और शिकायतों के निराकरण को लेकर जवाब मांगा। एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों का जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर विधायक दिव्यराज सिंह कार्यकर्ताओं के साथ सीएफटी भवन में ही बैठ गए। उन्होंने मौके पर कलेक्टर को बुलाने की मांग की और कहा कि कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति से अवगत हों।
विधायक दिव्यराज सिंह के नाराज होकर धरने पर बैठने की सूचना के बाद प्रशासनिक अमले में भी हलचल बढ़ गई। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और विधायक को मनाने की कोशिश शुरू की। विधायक ने स्थानीय समस्याओं का मौके पर निरीक्षण कराकर उनके निराकरण कराने की बात अधिकारियों से कही है। फिलहाल मामले में प्रशासनिक अधिकारियों और विधायक के बीच बातचीत की स्थिति पर नजर बनी हुई है।
बता दें कि दिव्यराज सिंह रीवा जिले की सिरमौर विधानसभा सीट से लगातार तीन बार निर्वाचित विधायक हैं। वो रीवा राजघराने से ताल्लुक रखते हैं और इसलिए उन्हें युवराज भी कहा जाता है। इतना ही नहीं दिव्यराज सिंह की क्षेत्र में अच्छी पकड़ है और उनकी गिनती विंध्य क्षेत्र के सबसे युवा और प्रभावशाली नेताओं में होती है।