रीवा

Rewa Crime : जेब में रुपए देखकर बिगड़ गई नीयत, 18 हजार रुपए के लिए कर दी व्यापारी की हत्या

Rewa Crime : अतरैला पुलिस ने बऊलिया घाटी में व्यापारी की हत्या का किया पर्दाफाश, नाबालिग सहित तीन गिरफ्तार
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 12:26 PM IST
व्यापारी की हत्या कर 18 हजार लूटे
व्यापारी की हत्या कर 18 हजार लूटे - Demo Pic फाइल फोटो

रीवा में व्यापारी की जेब में रुपए देखकर बदमाशों ने हत्या की योजना बनाई और महज 18 हजार रुपए के लिए उनको मौत के घाट उतार दिया। दो दिन पूर्व हुई इस वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनसे पूछताछ में हत्या की खौफनाक सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस ने बताया कि अतरैला थाने के चौखंडी गांव निवासी लक्खू चिकवा पिता लाला चिकवा का शनिवार को शव मिला था, वे बऊलिया घाटी में जमीन के अंदर दफन मिले थे। 60 वर्ष लक्खू चिकवा शुक्रवार की सुबह बकरी खरीदने चांद देऊखर तरफ गए थे जिसके बाद नहीं लौटे। मामले में पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही थी। 

एसपी डा. गुरुकरण सिंह ने थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में जांच टीम गठित की थी। जांच दल ने गांव में पूछताछ की तो घटना के पूर्व व्यापारियों के पास गांव के कुछ लडक़ों को जाते हुए देखे जाने की बात सामने आई। संदेह के आधार पर पुलिस ने उनको पकड़ा और सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने लक्खू चिकवा की हत्या करना स्वीकार किया।

हत्या की खौफनाक सच्चाई सुनकर खुद पुलिस के भी होश उड़ गए। लक्खू चिकवा अक्सर बकरियां खरीदने गांव में जाते थे और उनके पास काफी रुपए होते थे। इस बात को आरोपी जानते थे। घटनावाले दिन जब व्यापारी लक्खू गांव पहुंचे तो उनकी जेब में रुपए देखकर आरोपियों ने हत्या की योजना बना ली। गांव से निकलते ही बदमाश उनके पीछे लग गए और रास्ते में सुनसान स्थान देखकर गला दबाकर हत्या कर दी।

लक्खू चिकवा की जेब में रखे 18 हजार रुपए निकालकर शव को जमीन में दफन कर दिया। उनका मोबाइल आरोपियों ने घर के पीछे फेंक दिया था। हत्या के इस मामले में पकड़े गए आरोपियों में बुद्धसेन कोल उर्फ मोहन पिता छोटेलाल 22 वर्ष निवासी पाण्डेय कुरैली थाना अतरैला, प्रभूनाथ कोरी उर्फ लल्ली पिता राजकुमार 21 वर्ष निवासी कुरैली व एक नाबालिग शामिल है। आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दिया।

शराब व चिकन में उड़ाए पांच हजार रुपए

व्यापारी की हत्या कर लूट की रकम से आरोपियों ने जमकर पार्टी की थी। घटना करने के बाद ही उन्होंने शराब और चिकन में 5 हजार रुपये खर्च कर दिये थे। उनके पास से 12600 रुपए बरामद हुए है जबकि शेष रकम आरोपियों ने पार्टी मनाने में खर्च कर दी थी। नशाखोरी के लिए ही उन्होंने व्यापारी की हत्या कर लूट की थी।

Updated on:
10 Nov 2026, 12:26 PM IST
Published on: