
Rewa car swept away in river: मध्यप्रदेश के रीवा में शुक्रवार को जलमग्न रपटे को पार करते समय अचानक कार पानी के तेज बहाव में बह गई। कार में चार लोग सवार थे जो किसी तरह तैर कर नदी से बाहर निकल आए। कार पूरी तरह से पानी के अंदर समा गई जिसे बाद में क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि जलमग्न रपटे को पार करने की लापरवाही में हादसा हुआ और चार लोगों की जान खतरे में पड़ गई।
यूनियन बैंक के मैनेजर सहित चार लोग शुक्रवार को बैकिंग कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान रेड़वा नदी के पुल पर पानी ऊपर से बह रहा था। लगातार हो रही बारिश से पहाड़ का पानी नदी में आ गया था, जिसकी वजह से पुल डूबा हुआ था। लेकिन इसके बावजूद कार चालक ने लापरवाही पूर्वत कार जलमग्न पुल से निकालने की कोशिश की। जैसे ही कार बीच पुल पर पहुंची तो अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और कार बह गई।
जिस वक्त हादसा हुआ मौके पर लोगों की भीड़ जमा थी, कार को नदी के बहाव में बहता देख लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते कार पुल से नीचे नदी में गिर गई। गनीमत रही कि पानी के अंदर गाड़ी का गेट खुल गया, जिसकी वजह से चारों लोग सुरक्षित कार से बाहर निकल आए और तैर कर नदी के किनारे आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नदी में डूबी कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला। बता दें कि पुल पर नदी का पानी का पानी होने पर पुल पार करना खतरनाक होता है, पुलों पर इसे लेकर चेतावनी भी लिखी होती है। इसके बावजूद कई बार लोग लापरवाही दिखाते हुए पुल पार करने की कोशिश करते हैं, जिस कारण हादसे होेते हैं।