
Rewa Child Kidnapping Case: मध्यप्रदेश के रीवा में ढाई साल की बच्ची के अपहरण की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने बच्ची को अगवा करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके चंगुल से बच्ची को सकुशल छुड़ाकर परिजन के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के गायब होने के बाद उसके इंतजार में मां पूरी रात थाने में बैठी रही। पुलिस ने जब आरोपियों को पकड़ा और बच्ची को जल्द लेकर आने की जानकारी मां को दी तो उसकी जान में जान आई। तड़के जब पुलिस बच्ची को लेकर वापस लौटी तो उसे सकुशल देखकर मां फूट-फूटकर रो पड़ी।
समान थाना क्षेत्र में रहने वाली ढाई साल की बच्ची बुधवार की सुबह लापता हो गई थी। घटना के समय मां मजदूरी करने गई थी और वह अपने भाई के साथ मोहल्ले में स्थित आंगनबाड़ी में गई हुई थी। रास्ते से उसका आरोपियों ने अपहरण कर लिया। शाम को जब मां वापस लौटकर घर आई तो बच्ची के गायब होने की जानकारी मिली। काफी देर तक महिला बच्चे की तलाश में मोहल्ले में भटकती रही और रात करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किए तो उनमें एक दंपति बच्ची को ले जाते हुए नजर आए। पुलिस तत्काल उनकी पहचान करने में जुट गई। जानकारी मिलने पर देर रात पुलिस ने उनको गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बच्ची क अपहरण की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और उसे सीधी के शिकारगंज में अपने रिश्तेदार के यहां रखने की जानकारी दी। रीवा से तत्काल पुलिस की टीम आरोपियों को लेकर शिकारगंज पहुंची और बच्ची को सकुशल बरामद किया। पुलिस ने बच्ची को साथ में रखने वाली महिला रिश्तेदार को भी हिरासत में लिया और रीवा लेकर आई। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
इस घटना को अंजाम देने वाले दंपति की कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने बच्ची के अपहरण की साजिश रची। दंपति कई दिनों से छोटी बच्ची की तलाश कर रहे थे। उन्होंने जब ढाई साल की बच्ची को देखा तो उसके अपहरण की योजना बनाई। आंगनबाड़ी से लौटते समय उन्होंने बच्ची को किडनैप कर लिया और ऊपर से बोरी ढक कर मोटर साइकिल से सीधी में अपने रिश्तेदार के पास छोड़कर आ गए थे, ताकि गांव में रखकर उसे पाल सके।
आरोपियों ने जब बच्ची को किडनैप किया था तो इसकी जानकारी मोहल्ले की एक लड़की को हो गई थी। उसने मुंह बंद रखने के लिए आरोपियों से 2000 लिए थे। पुलिस जब मोहल्ले में बच्चों को ढूंढ रही थी तो वह लड़की भी वहां मौजूद थी और पुलिस के सामने अनजान बनी हुई थी। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद जब लड़की की अपराध छिपाने में भूमिका सामने आई तो पुलिस ने उसको भी गिरफ्तार कर लिया।
इस अपहरण कांड में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमे रविशंकर मालवीय पिता माधव 40 वर्ष निवासी आष्ठा जिला सीहोर हाल मुकाम पटकन टोला, पत्नी केशकली 37 वर्ष, प्रिया वर्मा पिता राम भजन वर्मा 20 वर्ष निवासी पटकन टोला, रेनू रावत पति सुरेश रावत 25 वर्ष निवासी धनहा खड्डी जिला सीधी शामिल है।