
रीवा। शहर में खाली पड़े आवासीय प्लाट कचरे और गंदगी एकत्र होने के प्रमुख केन्द्र बने हुए हैं। कई स्थानों पर इन प्लाटों में गंदगी का अंबार पटा हुआ है, स्थानीय लोगों की शिकायतों को नजरंदाज किया जा रहा है। शहर की स्वच्छता पर आने वाली प्रमुख रुकावटों में इसे माना जा रहा है। नगर निगम ने पूर्व में कहा था कि खाली प्लाटों में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जुर्माना लगाने की बात कही गई थी लेकिन ऐसा करना निगम प्रशासन भूल गया।
जमा हो रहा नालियों का पानी
इन खाली प्लाटों में नालियों का गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे मच्छर तो पनप ही रहे हैं साथ ही उसकी बदबू से मोहल्लों में रहने वाले लोग भी परेशान हो रहे हैं। इसी तरह कचरे की सफाई को लेकर कुछ वार्डों में काम हुआ है लेकिन अधिकांश जगह कचरे का ढेर लगा है।
जुर्माना लगाने का भी प्रावधान
खाली पड़े आवासीय भूखंडों की वजह से मोहल्लों में कचरा फैलने से आम लोगों को होने वाली परेशानी की वजह से निगम को अधिकार दिए गए हैं कि वह ऐसे भूखंड स्वामियों के विरुद्ध जुर्माना भी लगा सकता है। निगम के अधिकारियों की उदासीनता की वजह से इसकी तैयारी अधूरी है। वार्डों में कितनी संख्या में खाली प्लाट पड़े हैं इसकी जानकारी किसी भी जोन में नहीं बनाई गई है। सभी जोन प्रभारी ऐसे प्लाटों की संख्या से अनजान हैं।
डोरटूडोर संकलित होने वाला कचरा भी फेंक रहे
कई वार्डों में खाली प्लाट को कचरा डंपिंग प्वाइंट अघोषित रूप से बनाया गया है। सुबह रिक्शा लेकर मोहल्लों में डोरटूडोर कचरा कलेक्शन करने जाने वाले रैगपिकर्स खाली प्लाट में भी कचरा फेंक रहे हैं। इसकी शिकायतें निगम आयुक्त से सीधे और सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से सामने भी आई हैं, इसके बाद भी कोई ठोस योजना नहीं बनाई जा रही है।
सर्वे के चंद दिन पहले आई याद
स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 आगामी जनवरी महीने की चार तारीख के बाद कभी भी हो सकता है। इस बार सर्वे में खाली प्लाटों में कचरा या फिर गंदे पानी का जमाव दिखा तो नंबर कटेंगे। अब सर्वे में दिखाने के लिए तैयारी शुरू की गई है। गुरुवार को वार्ड क्रमांक 12 के कई स्थानों पर पार्षद विनोद शर्मा के दबाव में खाली प्लाटों की सफाई शुरू की गई है, कई ऐसे स्थान थे जहां पर कचरे का ढेर सड़कों तक पहुंच गया था, उसे हटाया गया है। अन्य कई वार्डों के पार्षदों ने भी इस पर मांग उठाई है कि उनके यहां भी खाली प्लाटों की सफाई की जाए।