रीवा

‘जीतने पर चुप, हारने पर चुनाव आयोग पर सवाल!’ रीवा में कांग्रेस पर बरसे CM मोहन यादव

Democracy Save March : सीएम मोहन यादव ने कहा कि, केरल और हिमाचल में जीतने पर कांग्रेस चुप रहती है, हारने पर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाती हैय। एनसीसी मैदान से पद्मधर पार्क तक पदयात्रा निकाली गई।
3 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 8:11 PM IST
Democracy Save March
पदयात्रा में सीएम मोहन यादव समेत भाजपा नेता (फोटो सोर्स: Patrika)

Rewa News:मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को सूबे के रीवा में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने एनसीसी परेड ग्राउंड से कॉलेज चौराहा, मानस भवन और प्रकाश चौराहा होते हुए पद्मधर पार्क तक निकली पदयात्रा का नेतृत्व किया। इसके पहले एनसीसी मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निर्वाचन आयोग, न्यायपालिका और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं का मजाक बनाने का आरोप लगाया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि, कांग्रेस केरल और हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीतती है तो चुप रहती है, लेकिन हारने पर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने लगती है। मृत और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए एसआईआर की प्रक्रिया की गई है। शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र और निष्पक्ष मतदान का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश चहुंमुखी विकास कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है।

सीएम का कांग्रेस पर हमला

डॉ. यादव ने कांग्रेस पर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि, कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी सहित विपक्ष के नेताओं को जेल में बंद किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि, कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कई राज्य सरकारों को बर्खास्त किया। मुख्यमंत्री ने अनुच्छेद 370 का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे समाप्त कर जम्मू-कश्मीर में भेदभाव खत्म किया।

महिला आरक्षण बिल के विरोध पर भी सवाल

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर महिला आरक्षण बिल का विरोध कर नारी शक्ति का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, केंद्र और राज्य सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही हैं। पीएम आवास योजना से गरीबों को पक्के मकान दिए गए और देश में 80 करोड़ लोगों को हर महीने नि: शुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। एमपी में प्रति व्यक्ति आय और बिजली उत्पादन में वृद्धि का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि साल 2003 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपए सालाना थी, जो अब बढ़कर एक लाख 17 हजार रुपए हो गई है। बिजली उत्पादन भी 5 हजार मेगावाट से बढ़कर 30 हजार मेगावाट पहुंच गया है।

सीएम ने इन सौगातों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, स्लीमनाबाद में नर्मदा जल परियोजना की टनल का काम पूरा हो गया है। इससे विंध्य क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी मिलेगा। जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक नल से पानी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

निमूबेन ने कांग्रेस को घेरा

वहीं, केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री निमूबेन बांभनिया ने कहा कि, कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार एसआईआर की प्रक्रिया हुई, लेकिन उस समय सवाल नहीं उठाए गए। उनके अनुसार, एसआईआर के बाद कई राज्यों में कांग्रेस की जीत पर निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाए गए, जबकि हारने पर आरोप लगाए जाते हैं।

राजेंद्र शुक्ल ने किया सौगातों का जिक्र

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन, उद्योग और कृषि के क्षेत्र में विकास हुआ है। उन्होंने नर्मदा जल परियोजना, बाणसागर बांध की नहरों और रेलवे परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विंध्य क्षेत्र को विकास की कई सौगातें मिली हैं। उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी हार के कारणों से ध्यान हटाने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं पर आरोप लगाने का आरोप लगाया।

कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी रहे मौजूद

आमसभा में नगरीय विकास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, सांसद जनार्दन मिश्रा, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सांसद गणेश सिंह सहित विंध्य क्षेत्र के कई विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह, मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति, देवतालाब विधायक गिरीश गौतम, त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी राज, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक और मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला अध्यक्ष रीवा वीरेंद्र गुप्ता ने किया।

Updated on:
28 Nov 2026, 8:11 PM IST
Published on: