
Rewa Cow Meat Smuggling: मध्यप्रदेश के रीवा में गौमांस की तस्करी करते दो लड़कियों को पकड़ा गया है। पुलिस दोनों लड़कियों से पूछताछ कर रही है। दोनों लड़कियां स्कूटी से गौमांस की तस्करी कर रही थीं, तभी जब लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों ने पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और गौमांस से भरा थैला नहर में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों लड़कियों के खिलाफ पशुक्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और उनसे पूछताछ करने में जुटी हुई है।
गुढ़ थाने के अमिरती गांव से दो लड़कियां गौमांस लेकर स्कूटी वाहन से आ रही थीं। इस दौरान आनंद सिंह निवासी नैकिन को उन पर संदेह हो गया। उन्होंने अपनी कार से पीछा किया तो दोनों लड़कियां स्पीड से गाड़ी चलाते हुए रिंग रोड पहुंच गई। लोगों ने यहां उनको रोकने का प्रयास किया तो वे नहर के रास्ते में गाड़ी घुसेड़ दी और एक ब्रेकर आने पर गिर गई। युवक ने उनकों रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने गौमांस को नहर में फेंक दिया और आनंद सिंह पर पत्थर बरसाने लगीं, जिससे वे घायल हो गए।
शोर शराबा सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए और दोनों लड़कियों को घेर लिया। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और नहर से गौमांस को बाहर निकलवाया। पुलिस दोनों युवतियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उक्त मांस को जांच के लिए भी भेज दिया है।
पुलिस ने दोनों लड़कियों पर पशुक्रुरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। लड़कियां गौमांस कहां ले जा रही थीं, इसका पुलिस पता लगा रही है। घायल आनंद सिंह के मुताबिक दोनों लड़कियां काफी समय से स्कूटी से गौमांस की तस्करी कर रही थीं, उन्होंने पहले भी इन दोनों लड़कियों को देखा था। आज जब ये नजर आईं तो संदेह होने पर उनका पीछा किया, पीछा करने पर लड़कियां तस्करों की तरह काफी स्पीड में गाड़ी चला रही थीं। रोकने पर उन पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया जिससे वे घायल हुए हैं।