रीवा

CPCT पास नहीं करने पर जाएगी ‘सरकारी नौकरी’ ! रीवा में 6 की सेवा समाप्त

Employees Terminated: सीपीसीटी परीक्षा अनुत्तीण रहने वालों में अकेले रीवा संभाग में ही 6 कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई।

2 min read
Jun 14, 2026
CPCT Exam Fail Employees Terminated: 6 कर्मचारियों की सेवा समाप्त (Photo Source - Patrika)
CPCT Exam Fail Employees Terminated: 6 कर्मचारियों की सेवा समाप्त (Photo Source - Patrika)

CPCT Exam Fail Employees Terminated: मध्यप्रदेश के रीवा शहर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने पात्रता परीक्षा पास नहीं कर पाने वाले कई कर्मचारियों को सेवामुक्त कर दिया है। इसमें वह कर्मचारी शामिल हैं जिन्हें परिजनों के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति पर रखा गया था। कर्मचारियों को नियमानुसार दो 3 वर्ष के भीतर मान्यता प्राप्त संस्था से कम्प्यूटर डिप्लोमा एवं हिन्दी मुद्रलेखन प्रमाण पत्र या कम्प्यूटर टाइपिंग दक्षता प्रमाण (सीपीसीटी) उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया था। सेवा शर्तों में ही कहा गया था कि दो वर्ष के भीतर उक्त दक्षता प्रमाण की परीक्षा पास करना होगा अन्यथा सेवा समाप्त कर दी जाएगी।

इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को समय-समय पर तैयारी करने के निर्देश भी दिए गए, इसके बावजूद वह परीक्षा पास नहीं कर पाए, जिसकी वजह से एक साथ कई जिलों में कार्रवाई हुई है। मुख्यालय से जारी आदेश के बाद एकाएक प्रदेश से दर्जनों शासकीय सेवकों को अपनी नौकरी से हाथ गंवाना पड़ा है। रीवा संभाग में भी 6 कर्मचारियों के नाम सामने आए।

अकेले रीवा संभाग में 6 की सेवा समाप्त

सीपीसीटी परीक्षा अनुत्तीण रहने वालों में अकेले रीवा संभाग में ही 6 कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई। इनमें रीवा जिले से शशांक निगम, विकास मिश्रा, सीधी से पूनम पटेल, आशीष कोल, सतना से अरविंद कुमार शुक्ला, मऊगंज से दिलीप कुमार साकेत के नाम शामिल हैं। इसी तरह अन्य जिलों में नियुक्त किए गए कई कर्मचारियों को भी सेवा मुक्त किया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, पूरे प्रदेश में पात्रता परीक्षा के चलते 50 से ज्यादा लोगों की नौकरी जाने का अनुमान है।

क्या होती है सीपीसीटी परीक्षा

सीपीसीटी (CPCT) का पूरा नाम कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेशन टेस्ट (Computer Proficiency Certification Test) है। यह मध्य प्रदेश सरकार द्वारा कंप्यूटर संचालन और टाइपिंग कौशल को प्रमाणित करने के लिए आयोजित की जाने वाली एक राज्य-स्तरीय परीक्षा है। जानकारी के लिए बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में क्लर्क (Clerk), सहायक ग्रेड-3, डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO), और स्टेनो जैसे पदों पर भर्ती के लिए आवेदकों की कंप्यूटर और टाइपिंग दक्षता का निष्पक्ष और मानकीकृत मूल्यांकन करना है। इसलिए इस परीक्षा को कराया जाता है।

इस परीक्षा में कुल 120 मिनट (2 घंटे) दिए जाते है। ये कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) होती है, जो दो भागों में बंटी होती है। पहली लिखित परीक्षा- इसमें 75 बहुविकल्पीय प्रश्न (75 अंक), जो कंप्यूटर ज्ञान, सामान्य ज्ञान, रीजनिंग और गणित पर आधारित होते हैं। दूसरा टाइपिंग टेस्ट होता है। इसके तहत 15-15 मिनट के दो टेस्ट होते हैं। अंग्रेजी टाइपिंग और हिंदी टाइपिंग (मंगल फॉन्ट)।

Published on:
14 Jun 2026 12:12 pm