
Rewa Girl Electric Shock Death: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, यहां आधी रात को घरवालों से छिपकर एक युवती घर से निकली और कुछ देर बाद गांव में हड़कंप मच गया। दरअसल युवती रात के अंधेरे में कटीले तारों में फैले करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रात में जब युवक को युवती की मौत का पता चला तो उसने ग्रामीणों को बताया जिसके बाद रात में गांव में हड़कंप मच गया। सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
घटना रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र की है, बताया जा रहा है कि युवती को गांव के युवक ने मिलने के लिए घर से कुछ दूर खेत में बुलाया था। युवती करीब तीन बजे रात में घर से निकलकर खेत में युवक से मिलने के लिए गई थी। खेत के समीप ही एक व्यक्ति ने कटीले तारों की बाड़ी लगा रखी थी जिसमें मवेशियों से फसल को बचाने के लिए करंट लगाया था। रात में युवती का हाथ उस तार में टच हो गया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के समय वहां मौजूद युवक ने उसके भाई को सूचना दी। रोते बिखलते परिजन पहुंचे तो युवती का शव पड़ा हुआ था। सुबह पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवती के हाथ में जलने के निशान मौजूद थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने प्रेम प्रसंग की आशंका जताई है। युवक के मुताबिक उसका प्रेम प्रसंग युवती के साथ था और मिलने के लिए वे खेत में आ रही थी इसी दौरान ये हादसा हो गया। हालांकि अभी इसकी अधिकृत तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग के आधार पर जांच कर रही है। जवा थाना पुलिस ने बताया कि युवती रात करीब तीन बजे खेत में युवक से मिलने गई थी जहां उसकी करंट लगने से मौत हो गई। घटना के समय मौजूद युवक ने ही फोन कर परिजनों को जानकारी दी थी। मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है। जांच में जिसकी लापरवाही सामने आएगी उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।