महाराजा मार्तंड सिंह जूदेव चिडिय़ाघर परिसर में आयोजित किया गया कार्यक्रम
रीवा। महाराजा मार्तंड सिंह जूदेव चिडिय़ाघर परिसर में वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह के समापन अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहां सप्ताहभर चली प्रतियोगिताओं के विजेता स्कूली छात्रों को पुरस्कार वितरित किया गया। यह सप्ताह एक से सात अक्टूबर के बीच चलाया गया। जिसमें वन्य प्राणियों के बारे में अलग-अलग तरीकों से बच्चों को जानकारी दी गई और उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। सप्ताह भर इसके लिए जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें प्रभात फेरी, क्विज प्रतियोगिता, निबंध, चित्रकला, व्याख्यान, रंगोली, पेंटिंग, पक्षी दर्शन सहित अन्य कार्यक्रम हुए।
चिडिय़ाघर के संचालक संजय रायखेड़े ने बताया कि 18 स्कूलों के छात्रों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के विजेता २६ प्रतिभागी छात्रों को पुरस्कृत किया गया। इस कार्यक्रम में वन संरक्षक राजीव मिश्रा, सहायक वन संरक्षक धीरेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. राजेश तोमर, मुकुल सिंह ठाकुर, नितेश गंगेले, इंद्रकुमार द्विवेदी सहित अन्य मौजूद रहे।
कौन बनेगा फैंस ऑफ ह्वाइट टाइगर प्रतियोगिता भी हुई
वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह के समापन अवसर पर कौन बनेगा फैंस ऑफ ह्वाइट टाइगर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें ह्वाइट टाइगर और वन्य प्राणियों से जुड़े सवाल छात्रों से पूछे गए। इसमें दस छात्रों ने हिस्सा लिया और सही जवाब देने वालों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।