28 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

स्वच्छता सर्वेक्षण में बदले नियम, बेहतर रैंकिंग के लिए रीवा में ये तैयारियां की गई

- कार्यशाला का आयोजन कर सर्वे से जुड़े तथ्यों की दी गई जानकारी- चार जनवरी से प्रस्तावित है स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रीवा

•

image

Mrigendra Singh

•

Updated: 7 Oct 2018, 4:27 PM IST

rewa

swachh survekshan 2019 ; rewa mp

रीवा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 की तैयारियां नगर निगम ने प्रारंभ कर दी है। इस बार सर्वे को व्यापक रूप दिया गया है, इस कारण तैयारियां भी उसी तरह से प्रारंभ की गई हैं। नगर निगम ने परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में कर्मचारियों और स्वच्छता से जुड़े वालेंटियर को बाजार और आवासीय कालोनियों में की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी।
स्वच्छता के नोडल अधिकारी एसके चतुर्वेदी ने कहा, लगातार दो वर्षों के स्वच्छता सर्वे में रीवा शहर का बेहतर प्रदर्शन रहा है, जिसकी वजह से रैंक भी अच्छी मिली है। इस बार उसे बनाए रखने के लिए और मेहनत की जरूरत है। केन्द्र सरकार ने सर्वे के प्रारूप को व्यापक बनाया है। इस कारण उसी के अनुसार कार्य भी करना है। इस दौरान जोनल अधिकारी पीएन शुक्ला, एसएल दहायत, केपीएमजी के दिग्विजय सिंह, रवि सिन्हा, रामकी कंपनी के अर्पित जायसवाल, प्रेरक शैलेश शंकर, पंकज उपाध्याय सहित निगम के सफाई से जुड़े कर्मचारी एवं एनजीओ के प्रेरक सहित अन्य मौजूद रहे।

चार खंडों में होगा सर्वेक्षण
इस बार का सर्वेक्षण चार खंडों में होगा। जिसमें प्रमाणीकरण, प्रत्यक्ष अवलोकन, सेवा स्तर की प्रगति एवं नागरिक प्रतिक्रिया को शामिल किया गया है। बीते स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 को तीन चरणों में बांटा गया था, जिसमें सेवा स्तर की प्रगति और नागरिक प्रतिक्रिया के 35-35 फीसदी एवं प्रत्यक्ष अवलोकन के 30फीसदी हिस्से का सर्वे कराया गया था।

सर्वे के लिए पांच हजार अंक निर्धारित
पिछला सर्वे चार हजार अंकों का था लेकिन इस बार यह पांच हजार अंकों का होगा। चार खंडों में होने वाले इस सर्वे में हर खंड के लिए 1250 अंक निर्धारित किए गए हैं। यह अंक किस तरह से हासिल किए जाएं, इसकी तैयारी के लिए कार्यशाला में निर्देश दिए गए।

ऐसे चलेगी सर्वे से जुड़ी गतिविधियां
1- सेवा स्तर पर प्रगति/ 1250 अंक
मासिक आधार पर एसबीएम आनलाइन एमआइएस पोर्टल अपडेट किया जाएगा। यह प्रगति का पहला इंडिकेटर होगा। 15 दिसंबर तक स्व आकलन टूल पर अपलोड करना आवश्यक है। 30 नवंबर तक सिटी प्रोफाइल अपलोड करने का समय निर्धारित किया गया है। शेष अपूर्ण दस्तावेज को अपलोड करने के लिए 24 घंटे का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

2- प्रत्यक्ष अवलोकन/1250 अंक
टूलकिट में दिए गए इंडिकेटर और क्षेत्र के अनुसार स्थानों को रेंडम आधार पर चुना जाएगा।

3-नागरिक प्रतिक्रिया/ 1250 अंक
नागरिक प्रतिक्रिया एकत्र करने के लिए प्रत्यक्ष साक्षात्कार, नागरिकों को फोन करके, स्वच्छता ऐप के माध्यम से, 1969 हेल्पलाइन से, एसएस 2019 पोर्टल आदि से प्रतिक्रियाएं ली जाएंगी।

4-प्रमाणीकरण/1250 अंक
कचरामुक्त शहरों के लिए स्टार रेटिंग के तहत 1, 2 और 4 स्टार घोषणाओं का मूल्यांकन राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा। स्टार रेटिंग 3, 5 एवं सात का प्रमाणीकरण केन्द्र सरकार द्वारा नियुक्त एजेंसी द्वारा किया जाएगा। रीवा ने स्वयं को ३ स्टार रेटिंग दी है। ओडीएफ का प्रमाणीकरण भी एजेंसी द्वारा किया जाएगा।