
Mauganj Ganja Smuggler: मध्यप्रदेश के मऊंगज जिले की पुलिस ने ओडिशा से भागे गांजा तस्कर को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। मऊगंज पुलिस करीब दो साल से इस आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, लेकिन बार-बार पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस को आरोपी की लोकेशन ओडिशा मिली थी लेकिन जब पुलिस उसे पकड़ने पहुंची तो आरोपी फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को प्रयागराज में ट्रेस किया और गिरफ्तार कर अपने साथ मऊगंज लेकर आई। आरोपी महिलाओं के जरिए ओडिशा से गांजा तस्करी कराता था।
मऊगंज पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि करीब दो साल पहले बस में गांजा लेकर आई महिलाओं को पकड़ा था। जिनके बयान पर मुख्य सप्लायर राजू उर्फ राजकिशोर पिता चंद्रबली 45 वर्ष निवासी पहाड़ी का नाम सामने आया था, जिसको पुलिस ने नामजद किया था। उक्त आरोपी ओडिशा में ही रहता था और वहां से महिलाओं के सहारे गांजा लगेज बैग में भरकर मऊगंज भिजवाता था। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन ने टीम गठित कर उसे ओडिशा भेजी था।
मऊगंज पुलिस की टीम ओडिशा में आरोपी का लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही थी तभी उसको भनक लग गई और वह फरार हो गया। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा किया और प्रयागराज पहुंची, जहां से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी राजू को पकड़कर मऊगंज लेकर आई, जहां उससे गांजा कारोबार के बारे में पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि स्थानीय तस्कर उसे गांजे का ऑर्डर देते थे, इसके बाद वो महिलाओं के जरिए ओडिशा से लगेज बैग में गांजा भरकर सप्लाई करवाता था। आरोपी ने बताया कि महिला होने के कारण कोई शक नहीं करता था। आरोपी ओडिशा में किसके पास से गांजा लाता था, इसका पुलिस साइबर और बैंक खाते की मदद से पहचान करने में जुटी है।