रीवा

एमपी में रील बनाते समय हाईवे पर ट्रक से टकराई बाइक, 3 युवकों की मौत

MP News: पिस्टलनुमा लाइटर लेकर तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाकर रील बना रहे थे तीनों युवक।

2 min read
Apr 14, 2026
bike accident reel stunt three youths killed

MP News: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के जुनून ने तीन परिवार के चिराग बुझा दिए। पिस्टलनुमा लाइटर हाथ में लेकर हाईवे में ओवर स्पीड बाइक दौड़ाकर रील बनाने की कीमत युवकों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। दो बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई जिससे एक बाइक में सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना मऊगंज थाने के पन्नी पथरिहा के पास की है।

ये भी पढ़ें

एमपी में पति की डेड बॉडी के सामने प्रेमी से बनाए थे संबंध! कातिल पत्नी बेनकाब

रील के जुनून ने लीं तीन जानें

मंगलवार की सुबह रतनगवां की ओर से दो बाइक में सवार पांच युवक हाईवे में रील बना रहे थे। उनके हाथ में पिस्टलनुमा लाइटर था और हाईवे पर वो रेसिंग बाइक ओवर स्पीड में दौड़ा रहे थे। एक बाइक पर तीन युवक सवार थे और उनकी बाइक आगे चल रही थी, जबकि दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे और उनकी बाइक पीछे चल रही थी। जैसे ही वे पन्नी पथरिहा के बीच पहुंचे तभी रील बनाने के चक्कर में वे नियंत्रण खो बैठे और आगे चल रही तीन युवकों वाली बाइक सीधे हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी बाइक भी इसी ट्रक से टकरा गई। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण टक्कर इतनी जोरदार थी कि पहली बाइक पर सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक जो कि सगे भाई हैं गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

बाइक के नंबर से हुई पहचान

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हृदय विदारक हादसे का शिकार होने वाले युवकों की पहचान वाहन नंबर के आधार पर हुई है। हादसे में मृत युवकों की पहचान अमरीश कोल 22 वर्ष, उपलक्ष्य कोल 17 वर्ष, हेमराज कोल 17 वर्ष निवासी बेला थाना लौर के रूप में हुई है। वहीं घायलों में दो सगे भाई प्रशांत द्विवेदी 19 वर्ष व प्रदीप द्विवेदी 17 वर्ष निवासी चितईपूर्वा थाना लौर के रूप में हुई है। पुलिस की सूचना पर परिजन रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंचे।

हादसे में मोबाइल टूटा, नहीं मिली रील

इस घटना में उक्त युवकों का मोबाइल भी टूट गया जिसमें वे रील बना रहे थे। मोबाइल कई टुकड़ों में बंट गया जिसको पुलिस ने जब्त किया है। हालांकि उससे फिलहाल रील बरामद नहीं हो पाई है। पुलिस अब साइबर की मदद से मोबाइल में वह रील बरामद करने का प्रयास कर रही है। एसडीओपी मऊगंज सची पाठक ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई जिसमें तीन युवकों की मृत्यु हो गई जबकि दूसरी बाइक में सवार दो युवक घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में युवकों के ओवर स्पीड बाइक में रील चलाने की जानकारी मिली है। जांच में जो तथ्य सामने आयेंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें

एमपी में भाजपा विधायक की बेटी की ‘गुंडागर्दी’!, बैंक से बुलाकर युवक को सड़क पर पीटा
Published on:
14 Apr 2026 08:20 pm
Also Read
View All