
Teachers send obscene messages to college student expelled (फोटो- Patrika.com)
MP news: मध्य प्रदेश के रीवा के पीएम एक्सीलेंस शासकीय मॉडल साइंस कॉलेज में दो शिक्षकों द्वारा छात्राओं को अश्लील मैसेज किए जा रहे थे। परेशान होकर छात्राओं ने शिकायत की तो संबंधित शिक्षकों ने गलती स्वीकारी। फिर भी कॉलेज प्रबंधन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर गत दिवस छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया। इसके बाद बुधवार को कॉलेज प्रबंधन ने समिति बनाकर मामले की जांच कराई और बुधवार को आरोपी शिक्षकों का निष्कासन आदेश जारी किया।
मामले में बताते हैं कि महाविद्यालय के भूगोल विभाग में जनभागीदारी मद से अंशकालीन शिक्षक अमित साहू पढ़ा रहे थे। ऐसे ही, कॉमर्स विभाग में उमेश प्रजापति द्वारा अध्यापन कार्य किया जा रहा था। आरोप है कि इन दोनों शिक्षकों ने अपनी कक्षाओं से संबंधित छात्राओं को वाट्सअप पर अश्लील मैसेज भेजे। फोन पर मैसेज भेजने का सिलसिला पिछले एक महीने से चल रहा था, जिस पर छात्राओं ने आपत्ति जताई तो संबंधित शिक्षक छात्राओं पर दबाव बनाने लगे। इसके बाद छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन को लिखित शिकायत दी।
शिकायत पर शिक्षकों ने गलती स्वीकार कर ली और फिर छात्राओं पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने लगे। इतने पर भी कोई कार्रवाई न होने पर कॉलेज के छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। फिर छात्रों का आक्रोश थामने के लिए सिस्टम के लाचार प्रबंधन ने बमुश्किल निष्कासन कार्रवाई की। इतने पर भी आपराधिक मामला होते हुए भी प्रबंधन ने अभी पुलिस को सूचना नहीं दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी टीचर ने बीए फर्स्ट ईयर की छात्रों को अश्लील मैसेज किए। टीचर ने छतरा को लिखा- तुम मुझे अच्छी लगती हो, रूम पर आ जाओ। यहीं नहीं शिक्षक अमित साहू ने आगे लिखा- मैं नहीं चाहता कि कोई परेशानी हो तुम्हें। ठीक है, सोच लो फिर। तुम्हारा कोई मन हो तो मुझे बताना। इसकी शिकायत छात्रा ने अपने दोस्तों और परिजनों से की।
परिजनों ने इसके बाद शिक्षक की शिकायत कॉलेज प्रबंधन से की। छात्रा ने अपनी शिकायत में ये भी बताया कि अमित साहू सागर का रहने वाला है। वह कॉलेज में जियोलॉजी पढ़ाता है। आरोपी शिक्षक पिछले एक साल से पीड़ित छात्र से बातचीत करने की कोशिश कर रहा था। वह हमेशा निजी बातचीत करना चाह रहा था। छात्रा मजबूरी में कुछ समय जवाब देती रही लेकिन कुछ दिन बाद उसने शिक्षक को समझाने की कोशिश की पर वो नहीं माना।
छात्रा ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि जब उसके द्वारा की गई शिकायत की भनक अमित साहू तक पहुंची तो उसने फिर मैसेज किया। उसने व्हाट्सएप पर मैसेज कर धमकी दी कि- तुमने मेरा विश्वास तोड़ा है। अब किसी से कुछ मत कहो और सारे मैसेज डिलीट कर, नहीं तो ठीक नहीं होगा।
छात्राओं की शिकायत मिली थी। समिति के माध्यम से जांच कराई गई है। शिकायती तथ्यों में आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित शिक्षकों को निष्कासित कर दिया गया है। अभी पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी है।- प्रो. आरएन तिवारी, प्रिंसिपल
Updated on:
09 Apr 2026 11:04 am
Published on:
08 Apr 2026 07:45 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
