
दोस्त के घर पर गोली लगने से पुलिसकर्मी की मौत (Photo Source- Input)
Rewa News :मध्य प्रदेश के रीवा शहर के अंतर्गत आने वाले समान थाना इलाके में एक पुलिसकर्मी की गोली लगने से मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक आरक्षक मैहर जिले के रामनगर थाने में पदस्थ था। घटना बीती रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक आरक्षक राकेश कुमार पटेल बीती शाम छुट्टी लेकर अपने घर रीवा आया हुआ था। देर रात वो अपने एक पुराने दोस्त के घर शहर के समान थाना इलाके में स्थित गड़रिया मोहल्ले में गया था। इसी दौरान गोली लगने की घटना हुई, जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें संजय गांधी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा परीक्षण करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इधर, मृतक पुलिसकर्मी के परिजन का आरोप है कि, गोली दोस्त के घर पर चली है और घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। बताया जा रहा है कि, जिस व्यक्ति के घर ये घटनाक्रम हुआ, उससे मृतक की करीब 10 साल पुरानी दोस्ती और पारिवारिक संबंध थे। घटना के बाद संदेही की तलाश की जा रही है।
फिलहाल, ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि, गोली कैसे चली और किन परिस्थितियों में राकेश पटेल की कनपटी पर जा लगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच का इंतजार कर रही है।
घटना की जानकारी लगते ही क्रमश: समान थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल, अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल, एएसपी आरती सिंह और एसपी गुरुकरण सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी मामले में किसी को आरोपी नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मामले को लेकर रीवा एसपी गुरुकरण सिंह का कहना है कि, रविवार रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि, थाना रामनगर जिला मैहर में पदस्थ आरक्षक राकेश पटेल को सिर में गोली लगी है। वहीं, अस्पताल पहुंचाने पर डाक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक घटना की जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकेगी। मृतक के परिजन ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। फिलहाल, अभी कुछ कहना संभव नहीं, जांच के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट होगी।
Updated on:
18 May 2026 02:06 pm
Published on:
18 May 2026 01:36 pm
बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
