mp news: ससुर का बहू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, लात लगने के बाद ससुर खून की उल्टियां करने लगे जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
mp news: मध्यप्रदेश के रीवा से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां घरेलू विवाद में एक बहू ने अपने ससुर के संवेदनशील अंग में लात मार दी, जिससे ससुर गंभीर रुप से घायल हो गए। परिजन तुरंत उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उनकी मौत हो गई। घटना जिले के लौर थाना क्षेत्र के भगतपुरा गांव की है। पुलिस ने आरोपी बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है और पूछताछ में जुटी हुई है। बताया गया है कि घर में बहू और ससुर ही रहते थे। बेटा हैदराबाद में नौकरी करता है।
घटना रीवा जिले के लौर थाना इलाके के भगतपुरा गांव की है। यहां रहने वाले बुजुर्ग जगदीश साकेत का किसी बात को लेकर अपनी बहू पुष्पा साकेत से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान ससुर जगदीश साकेत ने गुस्से में बहू को एक डंडा मार दिया था। इस बात से नाराज बहू पुष्पा साकेत ने ससुर को धक्का दे दिया। धक्का लगने से जब बुजुर्ग ससुर जमीन पर गिर गए तो गुस्से में पुष्पा साकेत ने ससुर के संवेदनशील अंगपर लात मार दी।
बहू पुष्पा साकेत के द्वारा संवेदनशील अंग पर लात मारने से ससुर जगदीश साकेत गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच घर में हो रहे शोर-शराबे को सुनकर जब पास में ही रहने वाला बड़ा बेटा व अन्य परिजन घर में पहुंचे तो बहू धमकाते हुए अपने कमरे में चली गई। इधर ससुर जगदीश खून की उल्टियां करने लगे, जिसके कारण बड़ा बेटा तुरंत पिता को अस्पताल लेकर पहुंचा जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। बताया गया है कि घर में ससुर-बहू ही रहते हैं और बुजुर्ग ससुर का बेटा यानि महिला का पति हैदराबाद में नौकरी करता है।
बताया गया है कि बहू पुष्पा का अपने सास ससुर के साथ पति पर अवैध संबंधों को लेकर विवाद होता था। बहू पुष्पा को शक है कि पति महेन्द्र साकेत के किसी महिला से अवैध संबंध है। घटना से पहले भी ससुर अपनी बहू पुष्पा के साथ गाली गलौज कर रहा था जिस पर बहू उसका वीडियो बना रही थी। ससुर ने उसका मोबाइल छीन लिया जिस पर विवाद काफी ज्यादा बढ़ गया और महिला ने अपने ससुर पर हमला कर दिया। थाना प्रभारी लौर राजेश पटेल ने बताया कि महिला ने अपने ससुर के साथ मारपीट की थी जिनकी अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। मामला दर्ज कर बहू को हिरासत में ले लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।