रीवा

एमपी में बेटियों के सामने मां पर चाकू से हमला, पिता की हैवानियत देख कांप उठी बच्चियां

MP News: पति-पत्नी के बीच शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और बच्चियों के सामने ही पिता ने चाकू से गोदकर पत्नी की हत्या कर दी।

2 min read
Apr 08, 2026
Man Kills Wife in Front of Daughters

MP News: मध्यप्रदेश के रीवा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी बच्चियों के सामने ही उनकी मां पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना सगरा कस्बे की है पत्नी पर चाकू से हमला करने के बाद आरोपी पति फरार हो गया है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आंखों के सामने मां पर चाकू से हमला होता देख बच्चियां काफी डरी हुई हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें

एमपी में करीब 5 घंटे तक तालाब में डूबा रहा आरोपी, कमल के डंठल से लेता रहा सांस

बच्चियों के सामने मां को मार डाला

सगरा कस्बे में रहने वाली शिखा मिश्रा का बीती रात करीब 9 बजे पति दीपक मिश्रा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पति-पत्नी के बीच शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दीपक ने शिखा पर चाकू निकालकर हमला कर दिया। उस पर ताबड़तोड़ कई वार किए जिसमें वह खून से लथपथ हालत में वहीं गिर गई। जिस समय आरोपी पति दीपक पत्नी पर चाकू से वार कर रहा था तब बच्चियां भी कमरे में मौजूद थीं जो पिता की हैवानियत देख डर गईं और कमरे में छिप गई थीं। पत्नी पर चाकू से हमला करने के बाद आरोपी पति दीपक उसे तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गया था।

आरोपी पति फरार, तलाश जारी

घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 122 वाहन से महिला को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया। हमले में महिला की आंत बाहर आ गई थी जिससे महिला की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वारदात में प्रयुक्त चाकू मौके पर ही बरामद हो गया जो शायद हमला करने के इरादे से ही आरोपी लेकर आया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की तलाश कर रही है।

पति-पत्नी के बीच अक्सर होता था विवाद

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था हालांकि विवाद किस बात को लेकर होता था इसकी अधिकृत जानकारी पुलिस को नहीं मिली है। घटना के बाद कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। ये भी पता चला है कि पति-पत्नी दोनों ही एक-दूसरे के चरित्र पर शक करते थे। घटना दिनांक को भी एक दूसरे के मोबाइल का पासवर्ड मांगने की बात पर विवाद शुरू होने की जानकारी मिली है जिसके बाद घटना हुई। वहीं महिला की तीन बेटियां थी और बेटा न होने की बात पर भी पति नाराज था। तीसरी बेटी के पैदा होने के बाद उनके बीच विवाद शुरू हुआ था। शिखा और दीपक की शादी साल 2011 में हुई थी।

ये भी पढ़ें

एमपी में 25 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ाया बाबू, लोकायुक्त की कार्रवाई

Published on:
08 Apr 2026 07:53 pm
Also Read
View All